चातुर्मास: जैन संत और साध्वियों का मंगल प्रवेश जारी कल आएंगे श्रीमद् विजय पद्मभूषणरत्न सूरीश्वरजी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चातुर्मास के लिए आषाढ़ सुदी एकम 15 जुलाई को शहर में कई संतों का मंगल प्रवेश होगा। इसके लिए समाजजन ने चल समारोह का आयोजन भी किया है।
श्रीमद् विजय पद्मभूषणरत्न सूरीश्वरजी, श्री ऋषभरत्न विजयजी महाराज एवं साध्वी श्री भक्तिरेखा श्रीजी का मंगल प्रवेश अरविंद नगर स्थित श्री नागेश्वर पाश्र्वनाथ जैन मंदिर में होगा। चातुर्मास समिति के संयोजक अभय जैन (मामा) व मनीष कोठारी ने बताया चातुर्मास प्रवेश चल समारोह मनोहरलाल जैन (मावा वाला) परिवार के तुलसी नगर स्थित निवास से सुबह 8:30 बजे निकलेगा।
प्रवचनों के लिए श्रद्धालुओं को परेशानी न हो इसके लिए मंदिर परिसर के समीप ही भरत चक्रवर्ती मंडपम और दो डोम तैयार किए हैं। एक डोम 60 बाय 150 वर्ग फीट का है, जबकि दूसरा डोम 45 बाय 150 वर्ग फीट का बनाया गया है। चातुर्मास के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया जा चुका है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के भी आने की संभावना है।
यहां भी आएंगे संतजन
अन्य जानकारी के अनुसार श्रीआदिश्वर भगवान की पेढ़ी, श्रीविजय हीरसूरीश्वरजी बड़ा उपाश्रय खाराकुआं में साध्वीश्री उद्योतश्रीजी महाराज की शिष्या-प्रशिष्या साध्वीश्री उपेन्द्रयशाश्रीजी, श्रीसुहितरत्नाश्रीजी, श्रीसुरभिरत्नाश्रीजी एवं श्रीसुप्रितरत्नाश्रीजी आदि ठाणा का मंगल प्रवेश बुधवार को सुबह 8:30 बजे पाश्र्वनाथ परिसर, सूरज नगर स्थित खिमसरिया परिवार के निवास से शोभायात्रा के साथ होगा।









