चायना डोर ने फिर एक युवक का गला रेता

दो घंटे ऑपरेशन के बाद जान बचाई डॉक्टर ने, 12 टांके लगाए गले में
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। प्रशासन के प्रतिबंध और पुलिस की सख्ती के बावजूद खूनी चायना डोर का कहर नहीं थम रहा है। रविवार शाम इस जानलेवा डोर ने उज्जैन में पंडिताई करने वाले एक 22 वर्षीय युवक का गला चीर दिया। युवक के गले में डोर इतनी गहराई से फंसी थी कि तीन लेयर में 12 टांके लगाने पड़े। खून अधिक बह जाने के कारण युवक की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।मूल रूप से जीरापुर निवासी विनय (22), पिता घनश्याम तिवारी, उज्जैन के जयसिंहपुरा में रहकर पंडिताई करते हैं। रविवार शाम करीब 5.30 बजे वे अपनी बाइक से घर से निकले थे। लालपुल के पास पहुँचते ही अचानक चायना डोर उनके गले में उलझ गई। जब तक विनय कुछ समझ पाते, डोर ने उनका गला बुरी तरह रेत दिया और वे बाइक सहित सड़क पर गिर पड़े।
राहगीरों ने बचाई जान
घटना के समय वहाँ मौजूद अर्जुन माली और गोलू माली ने फुर्ती दिखाई। उन्होंने देखा कि विनय लहूलुहान हालत में तड़प रहा हैं और उनके गले में डोर फंसी है। दोनों युवक तत्काल उन्हें बाइक पर बैठाकर चरक अस्पताल ले गए।
12 टांके लगे: चरक अस्पताल में डॉ. अंशु वर्मा ने तत्काल ऑपरेशन थिएटर में लेकर तीन लेयर में 12 टांके लगाए और फंसी हुई डोर को काटकर निकाला। करीब दो घंटे तक उसका ऑपरेशन चला। विनय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें इंदौर रैफर किया गया। हालांकि परिजन उसे निजी अस्पताल ले गए हैं। जहां विनय की हालत स्थिर बनी हुई है। डॉ. वर्मा ने बताया कि विनय की हालत बहुत गंभीर थी। तेज धारदार हथियार की तरह गला कटा हुआ था और तेजी से फव्वारे की तरह खून बह रहा था। वह तो उसे संभालने वाले युवकों ने कपड़ा लगाकर खून रोके रखा इस कारण विनय की जान बच गई।
इस साल 7 गंभीर घायल
27 दिसंबर 25 – इंदिरा नगर में गायत्रीनगर का तुलसीराम घायल। नाक पर ४ टांके आए।
20 दिसंबर 25- आगर रोड पर खिलचीपुर पुलिया पर झारड़ा निवासी छात्र योगेश आंजना का गला कटा, 10 टांके आए।
9 दिसंबर 25- गणेश नगर निवासी छात्र विपुल महिवाल जीरो पाइंट ब्रिज पर लहुलूहान।
31 दिसंबर- जयसिंहपुरा में प्रेम कुलवाडिया का गला कटा।
27 नवंबर 25- हरिफाटक ब्रिज पर स्कूल सवार महिला चायना डोर की चपेट में आकर स्कूटी से रिकर घायल। इसी बीच चायना डोर ने शरीर को जगह-जगह से खरोंच दिया।
30 नवंबर 25- हरिफाटक ब्रिज पर एक्टिवा सवार महिला डोर में उलझकर घायल हुई। उसके हाथ जगह-जगह डोर से कट गए थे।
05 जनवरी- आज विनय तिवारी गंभीर रूप से घायल।









