मुंबई में भारी बारिश,पुणे में बादल फटा

देश के 9 राज्यों में मानसून पहुंच चुका है। 24 मई को केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी को कवर करने बाद मानसून ने 25 मई को पूरा गोवा और महाराष्ट्र के कुछ हिस्से समेत मिजोरम, मणिपुर, नगालैंड को कवर किया है।
आज सुबह से ही मुंबई में तेज बारिश हो रही है। कई जगह 7-8 किमी लंबा जाम लगा हुआ है। 70 से 80 किमी की रफ्तार से हवा चली, जिनके चलते पेड़ गिरे हैं।घने बादल की वजह से विजिबिलिटी काफी लो है। लोग गाड़ियों की लाइट ऑन करके ड्राइव कर रहे हैं। विजिबिलिटी कम होने से देश के अलग-अलग शहरों से आने वाली 8 फ्लाइट्स भी प्रभावित हुई हैं।
रविवार को महाराष्ट्र में 35 साल बाद तय समय से पहले मानसून पहुंचा। राज्य में मानसून अमूमन 5 जून के आसपास एंट्री करता था। इस बार 10 दिन पहले पहुंचा। इसके पहले 1990 में 20 मई को पहुंचा था।कल पश्चिमी महाराष्ट्र में मानसूनी बारिश शुरू हुई। रविवार को पुणे में तेज बारिश हुई। पुणे-सोलापुर हाईवे पर पाटस इलाके में बादल फटा। इसके चलते 200 घरों में पानी भर गया।









