सीएम ने बताई विकास की दिशा, जनभागीदारी से बदलेगा भोपाल का स्वरूप

भोपाल मास्टर प्लान-2047 का ड्रॉफ्ट जारी, व्यापारियों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का किया अभिनंदन
अक्षरविश्व न्यूज भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को भोपाल विकास योजना-2047 (मास्टर प्लान) का ड्रॉफ्ट जारी किया है। शहर के विभिन्न व्यापारी संघों एवं व्यावसायिक संगठनों ने मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर उनका आभार व्यक्त किया और स्वागत-अभिनंदन किया। इस अवसर पर व्यापारी संघों और व्यावसायिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने कहा कि भोपाल के सुनियोजित विकास के लिए मास्टर प्लान की लंबे समय से आवश्यकता थी। सरकार ने इसका ड्रॉफ्ट जारी कर विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा कि भोपाल विकास योजना-2047 का उद्देश्य शहर को हरित, समृद्ध और समावेशी शहर के रूप में विकसित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार, जनप्रतिनिधियों, व्यापारियों, नागरिकों और अधिकारियों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से मास्टर प्लान के ड्रॉफ्ट को धरातल पर साकार किया जाएगा।
व्यापारियों की मांग : ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले फाइनल हो मास्टर प्लान
व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से मांग की कि अगले वर्ष प्रस्तावित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट से पहले मास्टर प्लान का अंतिम स्वरूप भी जारी किया जाए, ताकि निवेश और विकास से जुड़ी योजनाओं को बेहतर गति मिल सके। जिलाध्यक्ष रवींद्र यति के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की रियल एस्टेट संस्था क्रेडाई की भोपाल इकाई, चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की भोपाल इकाई, कोलार व्यापारी महासंघ, कोलार सर्राफा व्यापारी संघ, न्यू मार्केट व्यापारी संघ और संत हिरदाराम नगर (बैरागढ़) व्यापारी संघ सहित विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। व्यापारियों ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि भोपाल के विकास में उन्हें सहयोगी और सहभागी बनने का अवसर मिला है।









