पेप्सिको प्लांट का कल सीएम करेंगे लोकार्पण

1266 करोड़ का निवेश, देश की दूसरी और दुनिया की 9वीं सबसे बड़ी फ्लेवर मैन्युफैक्चरिंग यूनिट

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। शहर अब देश के बड़े औद्योगिक हब के रूप में भी अपनी पहचान मजबूत कर रही है। उज्जैन-देवास रोड स्थित विक्रम उद्योगपुरी में मंगलवार 30 जून को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पेप्सिको सहित कई अन्य प्रमुख औद्योगिक इकाइयों का लोकार्पण करेंगे।
पेप्सिको ने यहाँ करीब 22 एकड़ क्षेत्र में अपने पेय उत्पादों का फ्लेवर (स्वाद विनिर्माण) बनाने वाला अत्याधुनिक प्लांट स्थापित किया है, जिसमें कंपनी द्वारा 1266 करोड़ रुपए का भारी-भरकम निवेश किया गया है।
1000 युवाओं को मिलेगा सीधा रोजगार
इस बड़ी इकाई के शुरू होने से क्षेत्र के करीब 800 से 1000 लोगों को सीधे तौर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। विशेष बात यह है कि यह भारत में पेप्सिको कंपनी की दूसरी स्वाद विनिर्माण (फ्लेवर) इकाई होगी, जबकि वैश्विक स्तर पर यह दुनिया की नौवीं बड़ी यूनिट है। मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (एमपीआईडीसी) के अधिकारी राजेश राठौर ने बताया कि इस कार्यक्रम में लोकार्पण के साथ-साथ कुछ नई औद्योगिक इकाइयों के लिए भूमि पूजन भी किया जाएगा।
35 इकाइयों में शुरू होगा प्रोडक्शन
इस लोकार्पण कार्यक्रम के बाद विक्रम उद्योगपुरी में उत्पादन शुरू करने वाली इकाइयों की संख्या बढ़कर करीब 35 हो जाएगी। इन सभी उद्योगों के माध्यम से अब तक क्षेत्र में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 15 से 20 हजार लोगों को रोजगार मिल चुका है।
अब इंडस्ट्रियल हब बनी विक्रम उद्योगपुरी
दिल्ली-मुंबई इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के तहत ग्राम नरवर में विकसित की गई विक्रम उद्योगपुरी को 350 करोड़ रुपए की लागत से 773 एकड़ क्षेत्र में तैयार किया गया है। यहाँ के सभी भूखंड (प्लॉट्स) पूरी तरह आवंटित हो चुके हैं। विक्रम उद्योगपुरी में देश की कई प्रतिष्ठित औद्योगिक इकाइयां अपनी जड़ें जमा चुकी हैं, जिनमें से कई ने प्रोडक्शन भी शुरू कर दिया है। यहाँ मुख्य रूप से आने वाली कंपनियों में शामिल हैं- पेप्सिको, अमूल इंडिया, वोल्वो-आयशर, फेना, सुधाकर पाइप्स, मायराज पाइप्स, सीपी पेंट्स, इस्कॉन बालाजी।









