धार्मिक पर्यटन का बड़ा केंद्र बनेगा मां बगलामुखी देवी लोक : मुख्यमंत्री
सीएम डॉ. यादव ने किया 85.40 करोड़ लागत के कार्यों का भूमिपूजन, वीवीआईपी भवन बनाया जाएगा

लगभग 20 हेक्टेयर भूमि पर बनेगा भव्य देवी लोक
श्रद्धालुओं को मिलेंगी विश्वस्तरीय सुविधाएं
लखुंदर नदी के तटों पर सुंदर और भव्य घाट बनाएं जाएंगे
अक्षरविश्व न्यूज आगर मालवा। नलखेड़ा में मां बगलामुखी देवी लोक के निर्माण की शुरुआत हो गई है। सीएम डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को 85 करोड़ 40 लाख रुपए के विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। देवी लोक में 108 फीट ऊंचा मंदिर शिखर, 220 यज्ञशालाएं, चार भव्य प्रवेश द्वार, गोशाला और वीवीआईपी भवन बनाया जाएगा। लखुंदर नदी के किनारे घाट और श्रद्धालुओं के ठहरने के लिए धर्मशालाएं भी विकसित की जाएंगी। सरकार की तैयारी सिंहस्थ 2028 से पहले इस धार्मिक स्थल को भव्य स्वरूप देने की है।
डॉ. यादव ने कहा कि मंदिर के रास्ते में जिस पुलिया पर दुर्घटना हुई थी, उसे नए सिरे से बनाया जाएगा। इसके लिए मार्ग को पर्याप्त चौड़ा किया जाएगा। मंदिर तक आने-जाने के लिए नए फोरलेन मार्ग का भूमिपूजन भी किया गया है। इसके अलावा मां बगलामुखी धाम तक पहुंच आसान बनाने के लिए नया बायपास बनाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने लखुंदर नदी के किनारे घाट बनाने और धर्मशालाओं में ठहरने की व्यवस्था विकसित करने की बात भी कही। उन्होंने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना उनकी सत्य सनातन यात्रा पर तंज कसा। उन्होंने कहा, ‘हम वह लोग नहीं हैं, पहले चंदा दे दें, बाद में चंदे की वापस मांग करें और ढोंग करें कि हम यात्रा निकालेंगे।Ó
108 फीट ऊंचा शिखर, 220 यज्ञशालाएं बनेंगी
देवी लोक के पहले चरण में मंदिर परिसर को विस्तार दिया जाएगा। मुख्य मंदिर 2,800 वर्गमीटर क्षेत्र में बनेगा और इसका शिखर 108 फीट ऊंचा होगा। धार्मिक अनुष्ठानों के लिए 220 यज्ञशालाएं बनाई जाएंगी। परिसर में 625 वर्गमीटर क्षेत्र में गोशाला, चार प्रवेश द्वार, सुरक्षा के लिए बाउंड्रीवॉल और विशिष्ट अतिथियों के लिए वीवीआईपी भवन भी प्रस्तावित है। मां बगलामुखी मंदिर लखुंदर नदी के किनारे स्थित है और दस महाविद्याओं में से एक मां बगलामुखी को समर्पित है। देवी लोक के निर्माण से नलखेड़ा में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलने और देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है।
ऐसा है मां बगलामुखी का स्वरूप…
मां बगलामुखी में भगवान अर्धनारीश्वर महा शंभू के अलौलिक रूप का दर्शन मिलता है।
भाल पर तीसरा नेत्र और मणिजडि़त मुकुट और चंद्र इस बात की पुष्टि करते हैं।
बगलामुखी को महारुद्र (मृत्युंजय शिव) की मूल शक्ति के रूप में माना जाता है।
अब नलखेड़ा की बारी
सीएम ने कहा कि बाबा महाकाल के महालोक के निर्माण के बाद उज्जैन में बदलाव आया है। इसी तरह मां बगलामुखी देवी लोक बनने से नलखेड़ा और आसपास के क्षेत्र का विकास होगा। उन्होंने ओरछा, ओंकारेश्वर और अन्य धार्मिक स्थलों पर चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश के 14 धार्मिक नगरों में हजारों करोड़ रुपए के काम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सिंहस्थ 2028 तक धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं और निर्माण कार्यों को गति दी जा रही है। देवी लोक को भी इसी दिशा में विकसित किया जाएगा।
पार्किंग से लेकर फसाड लाइटिंग तक की व्यवस्था
देवी लोक परिसर को फसाड लाइटिंग से सजाया जाएगा। फसाड लाइटिंग का मतलब किसी इमारत या संरचना के बाहरी हिस्से को आर्टिफिशियल लाइटिंग से इस तरह सजाना है, जिससे उसकी सुंदरता बढ़े। वास्तुशिल्प की खासियतें रात में भी उभरकर दिखें। परिसर में चारपहिया वाहनों और बसों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल बनाए जाएंगे। इसके अलावा एडवांस टॉयलेट, गार्डन भी बनाए जाएंगे। प्लंबिंग और फायर ब्रिगेड की सुविधाएं भी मुहैया कराई जाएगी।









