CM शिवराज सिंह ने किये बाबा महकाल के दर्शन , सवारी में हुए शामिल

बुधवार को राजाधिराज भगवान महाकाल चांदी की पालकी पर सवार होकर शमी वृक्ष का पूजन करने दशहरा मैदान जा रहे हैं। महाकाल मंदिर से शाम चार बजे शाही ठाठ-बाट के साथ भगवान महाकाल की सवारी निकली है। इसमें सीएम शिवराज सिंह चौहान सपत्नीक शामिल हुए हैं।
सीएम ने इस मौके पर कहा कि महाकाल लोक अद्भुत है। हमारा सपना साकार हुआ। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका लोकार्पण करेंगे। प्रदेश का हर शख्स इसमें अपनी भागीदारी कर इस उत्सव को मनाए।इसके साथ ही ‘महाकाल लोक’ के उद्घाटन का सात दिवसीय उत्सव शुरू हो गया।
महाकाल लोक के लोकार्पण उत्सव के पहले दिन सीएम शिवराज सिंह चौहान उज्जैन पहुंचे और पत्नी साधना सिंह के साथ बाबा महाकाल के दर्शन कर पूजन किया। सीएम शिवराज महाकाल की सवारी में शामिल होंगे। इसके पहले डीजीपी सुधीर सक्सेना ने महाकाल लोक का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
पुजारी प्रदीप गुरु के अनुसार शमी वृक्ष विजय का प्रतीक है। राजसी परंपरा में विजयदशमी पर राजा-महाराजा शमी वृक्ष का पूजन कर राज्य विस्तार के लिए प्रस्थान करते थे। लौकिक जगत में भगवान महाकाल उज्जैन के राजा हैं, इसलिए वे भी विजय दशमी पर प्रतिवर्ष शमी वृक्ष का पूजन करने दशहरा मैदान जाते हैं। इस बार भगवान महाकाल सवारी के साथ “महाकाल लोक’ के उद्घाटन का सात दिवसीय उत्सव प्रारंभ हुआ। इसलिए सवारी को भव्य स्वरूप प्रदान किया गया है।
सवारी में परंपरा अनुसार घुड़सवार दल, सशस्त्र बल की टुकड़ी, पुलिस बैंड आदि शामिल हैं। इसके अलावा देश के विभिन्न् राज्यों से आए वाद्य वादक, बैंड बाजे, भजन मंडल, झांझ, डमरू दल, हाथी आदि को शामिल किया गया। महाकाल लोक के दर्शन कराती मनमोहक भावपूर्ण झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र हैं।









