कलेक्टर-एसपी के निर्देश बेअसर टेकरी मार्ग पर अब भी खतरा

भारी वाहनों के बीच पैदल चलने की मजबूरी
इंदौर रोड पर खुला नाला, अधूरी सर्विस रोड से गुजर रहे श्रद्धालु
अक्षरविश्व न्यूज देवास। शारदीय नवरात्र शुरू होते ही माता टेकरी पर श्रद्धालुओं की भीड़ बढऩे लगी है, लेकिन भक्तों की सुरक्षित आवाजाही के लिए जरूरी इंतजाम अब तक पूरे नहीं हुए हैं। इंदौर रोड से टेकरी की ओर आने वाले मार्ग पर सर्विस रोड किनारे नाला खुला पड़ा है। पैदल चलने के लिए सुरक्षित रास्ता नहीं होने से श्रद्धालुओं को ट्रक-कंटेनर और अन्य वाहनों के बीच से निकलना पड़ रहा है। रात में पर्याप्त रोशनी और वाहनों की गति नियंत्रित करने के इंतजाम भी नजर नहीं आ रहे। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब कलेक्टर और एसपी निरीक्षण कर सुधार के निर्देश दे चुके हैं, तो व्यवस्थाएं अब तक क्यों नहीं सुधरीं?
2 अक्टूबर को कलेक्टर ऋतुराज सिंह और एसपी पुनीत गेहलोद ने अधिकारियों के साथ करीब दो किलोमीटर तक पैदल चलकर इंदौर रोड से टेकरी की ओर आने वाले मार्ग का निरीक्षण किया था। इस दौरान पैदल आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए सर्विस रोड के समानांतर नाले से मलबा हटाने और खुले हिस्से को कवर करने के निर्देश दिए गए थे। स्ट्रीट लाइट लगाने, वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ब्लिंकर लगाने और सर्विस रोड से अतिक्रमण हटाने को भी कहा गया था। इसके बावजूद नाला खुला है और पैदल यात्रियों की सुरक्षा के इंतजाम अधूरे नजर आ रहे हैं।
ट्रक-कंटेनरों के बीच से गुजरेंगे श्रद्धालु : रसूलपुर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज के कारण सर्विस रोड पर पहले से ही यातायात का दबाव है। यहां ट्रक, कंटेनर और कारों की आवाजाही के बीच पैदल लोगों को रास्ता बनाकर निकलना पड़ रहा है। सड़क पर उड़ती धूल भी परेशानी बढ़ा रही है। इंदौर की ओर से चुनरी यात्रा लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या बढऩे पर स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो सकती है। नवरात्र में यातायात का दबाव कम करने के लिए भारी वाहनों को शिप्रा से बांगर की ओर डायवर्ट करने की योजना है, लेकिन श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम पहले से दुरुस्त करना भी जरूरी है।
अंधेरे में बढ़ सकता है हादसे का खतरा: सर्विस रोड और चौराहे पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने से रात के समय पैदल चलने वाले श्रद्धालुओं की परेशानी बढ़ सकती है। वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए ब्लिंकर नहीं होने से हादसे का खतरा भी बना हुआ है। निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों पर समय रहते अमल नहीं हुआ तो नवरात्र में बढऩे वाली भीड़ के बीच यह लापरवाही भारी पड़ सकती है। इस संबंध में एसडीएम अभिषेक शर्मा ने कहा कि जहां भी समस्या है, वहां तत्काल सुधार करवाया जाएगा।









