मौत का चौराहा, जो बनता है हादसों का सबब

स्पीड ब्रेकर नहीं अंधाधुंध रफ्तार से दौड़ती हैं गाड़ियां
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। शहर में सड़क दुर्घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ता जा रहा है। कई ऐसे ब्लैक स्पॉट और अंधे मोड़ हैं जहां कई लोग काल के गाल में समां चुके हैं। ऐसा ही एक चौराहा है जागृति ढाबे के पास स्थित शिप्रा विहार चौराहा। यहां चारों ओर सीमेंट-कांक्रीट की चौड़ी-चौड़ी सड़कें बनी हैं जिससे इस पर तेज रफ्तार से वाहन दौड़ते हैं और हादसे का शिकार हो जाते हैं।
दुर्घटनाओं में अब तक 13 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। अमूमन हादसों के पीछे मुख्य वजह सुरक्षा के प्रति लापरवाही और यातायात नियमों का पालन नहीं करना होता है। यदि लोग यातायात नियमों का पालन करें तो सड़क हादसों के ग्राफ में कमी भी आ सकती है। हालांकि, इस मामले में सच्चाई यह है कि इस चौराहे पर सुरक्षा के लिहाज से ना तो संकेतक लगे हैं और ना ही स्पीड ब्रेकर बनाए गए हैं।
दो दिन-दो हादसे
हाल ही में इस चौराहे पर दो दिन में दो हादसे हो चुके हैं। इसमें बाइक सवार कार से टकरा गए तो दूसरे हादसे में कार ने ऑटो को टक्कर मार दी। आए दिन होने वाले हादसों से अब वहां रहने वाले लोग भी खौफजदा हैं। आसपास के रहवासियों का कहना है कि यदि चारों ओर स्पीड ब्रेकर बना दिए जाएं तो हादसों में काफी हद तक कमी आ जाएगी।
तारीख- 7 फरवरी समय- दोपहर 2:30 बजे
देवास रोड की ओर से बाइक पर दो युवक तेजी से शिप्रा विवाह की ओर जा रहे हैं तभी दूसरी ओर से कार आ आती है जिसके बाद बाइक सवार कार से टकरा जाते हैं।
तारीख- 8 फरवरी समय- दोपहर 2 बजे
देवास रोड की ओर जा रहे ऑटो को कार ने टक्कर मार दी जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और रोड के बीच बनी रोटरी में घुस गया। कार भी टकराकर रुक गई।
दोनों हादसों के सीसीटीवी सामने आए
मामले में दोनों हादसों के सीसीटीवी भी अक्षर विश्व को उनके फॉलोअर ने उपलब्ध करवाए हैं। ११ और १२ सेकंड के इस वीडियो में देखा जा सकता है कि किस तरह से दुर्घटना हुई। हालांकि, इसमें कितने लोग घायल हुए, इसकी जानकारी नहीं मिल सकी है लेकिन पूर्व में हो चुकी मौतें यह बताती हैं कि अब जिम्मेदारों को जागना चाहिए।









