राज्य ओपन स्कूल के नाम पर साइबर ठगी, पास कराने के मांग रहे पैसे

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। मप्र राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड के परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों को निशाना बनाने वाला एक नया साइबर ठगी का मामला सामने आया है। ठग खुद को बोर्ड का अधिकारी बताकर छात्रों को परीक्षा में पास कराने या अंक बढ़वाने के नाम पर मोटी रकम की मांग कर रहे हैं। मामला संज्ञान में आते ही बोर्ड ने एडवाइजरी जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि ठग जिन नामों का उपयोग फोन कॉल में कर रहे हैं, उस नाम का कोई भी व्यक्ति राज्य ओपन स्कूल शिक्षा बोर्ड में कार्यरत नहीं है। बोर्ड ने दो-टूक कहा है कि किसी भी परीक्षार्थी को पैसे लेकर पास कराना पूर्णत: असंभव है।

बोर्ड के अनुसार, परीक्षार्थियों का परीक्षा परिणाम केवल उनकी उत्तर पुस्तिकाओं में लिखे गए उत्तरों के मूल्यांकन के आधार पर ही तैयार किया जाता है। बाहरी रूप से इसमें कोई बदलाव नहीं किया जा सकता।
अभिभावकों को बोर्ड की सलाह
किसी भी अनजान व्यक्ति को पास कराने के नाम पर ऑनलाइन ट्रांजैक्शन न करें।
यदि कोई बोर्ड के नाम पर संपर्क करे, तो तत्काल बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट या हेल्पलाइन पर इसकी पुष्टि करें।
अपने रोल नंबर और व्यक्तिगत जानकारी अनजान कॉलर्स को न दें।
मदद के लिए यहां करें फोन
बोर्ड ने विद्यार्थियों और अभिभावकों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 0755-2671066 जारी किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी, शिकायत या सत्यापन के लिए इस नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।








