अंधेरा बना मुसीबत, अधूरा छोड़ा रोड

मानसून की मुसीबत…
उज्जैन। मानसून कई इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए मुसीबत बन गया है। कहीं स्ट्रीटलाइट बंद हैं तो कहीं सीवरेज की खुदाई लोगों की परेशानी बन गई है। कहीं स्पीड ब्रेकर की समस्या है तो कहीं गंदगी की।
त्रिवेणी विहार में दो महीने से लाइट बंद
वार्ड नंबर 53 मे आने वाले त्रिवेणी विहार में इंदौर रोड वाले हिस्से में दो महीने से लाइट बंद हैं। हाल यह है कि यहां रात में निकलना मुश्किल है। सूनसान इलाका होने से सुरक्षा का डर रहता है। शहर का बाहरी इलाका होने से यहां जानवर-जंतु का खतरा भी रहता है। रहवासी उर्वशी सोलंकी बतातीं है कि शिकायत के बाद भी समस्या हल नहीं हो रही है। वार्ड ५३ से निर्मला करण परमार पार्षद हैं। वह भाजपा से आती हैं।
सीवरेज के लिए खुदाई, फिर यूं ही छोड़ा
वार्ड नंबर 52में सीवरेज खुदाई लोगों के लिए परेशनी बन गई हे। यहां खुदाई के बाद सड़क की लेवलिंग नहीं की गई है। इस वजह से लोग परेशान है। वार्ड के लक्की संतोरे कहते हैं कि घर के सामने बारिश के मौसम में कीचड़ ही कीचड़ हो जाता है। पानी भरा रहता है और मक्खी-मच्छर होते हैं।
नाला खुला छोड़ा
इसी वार्ड मेंं उद्यन मार्ग की तरफ नाला खुला टूटा हुआ है। नाले पर पहले जालियां लगी थीं, सफाई के समय इन्हें निकाल दिया गया, सफाई तो कर दी गई, पर नाला यूं ही खुला छोड़ दिया गया। हालांकि नाले की तरफ बैरिकेड्स लगाए गए हैं लेकिन हादसे का अंदेशा बना रहता है। वार्ड 52की पार्षद सुलेखा राजेंद्र वशिष्ठ हैं। वह कांग्रेस से आती हैं।
शंकरपुर-बाढ़कुम्मेद मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं
शंकरपुर-बाढ़ कुम्मेद मार्ग पर स्पीड ब्रेकर नहीं होनेे से आए दिन हादसे हो रहे हैं। वार्ड ४० में आने वाले इस रोड पर हादसे होना रोज की बात हो गई है। रहवासी स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग कर रहे हैं। वार्डवासियों ने प्रशासन तक अपनी मांग भी भेजी है। वार्ड की पार्षद जानी बाई राठौर हैं। वह भाजपा से आती हैं।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर 9826311828 पर दे सकते हैं।









