देवास को मिली 9.44 करोड़ की खेल सौगात 400 मीटर का सिंथेटिक ट्रैक शुरू

मुख्यमंत्री ने किया वर्चुअल लोकार्पण, 8 लेन के ट्रैक पर अब खिलाड़ी कर सकेंगे विश्वस्तरीय अभ्यास
विधायक बोलीं- जल्द बनेगा ओलंपिक स्तर का स्विमिंग पूल
अक्षरविश्व न्यूज देवास। शहर के खिलाडिय़ों को मंगलवार को बड़ी खेल सौगात मिली। कुशाभाऊ ठाकरे स्टेडियम में 9.44 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 400 मीटर लंबाई के 8 लेन वाले सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक का मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वर्चुअल लोकार्पण किया। इसके शुरू होने से अब देवास के एथलीटों को अभ्यास के लिए आधुनिक और विश्वस्तरीय सुविधा मिलेगी। साथ ही राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए भी खिलाडिय़ों को बेहतर मंच उपलब्ध होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आधुनिक तकनीक से तैयार यह ट्रैक देवास के खिलाडिय़ों के लिए बड़ी सौगात है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर प्रशिक्षण मिलेगा और वे अपनी खेल क्षमता को निखार सकेंगे। उन्होंने कहा कि देवास के खिलाड़ी भविष्य में एथलेटिक्स के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल कर प्रदेश और देश का नाम रोशन करेंगे। मुख्यमंत्री ने देवास को जल्द ही अन्य सौगातें देने की बात भी कही। उन्होंने बताया कि ट्रैक का भूमिपूजन 17 नवंबर 2024 को किया गया था और ठीक दो वर्ष बाद 17 नवंबर को ही इसका लोकार्पण किया जा रहा है।
ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल का भी भेजा प्रस्ताव
विधायक गायत्री राजे पवार ने ट्रैक को खिलाडिय़ों के लिए ऐतिहासिक सौगात बताते हुए कहा कि इसे तैयार होने में करीब दो वर्ष लगे हैं। ओलंपिक स्तर के स्विमिंग पूल का प्रस्ताव भी भेजा गया है। स्टेडियम में जल्द पवेलियन का निर्माण कराया जाएगा। क्रिकेट खिलाडिय़ों के अभ्यास के लिए भी स्थान चिन्हित कर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष लीला अटारिया, कलेक्टर नेहा मीना, नगर निगम आयुक्त दिलीप कुमार, निगम सभापति रवि जैन, राजीव खंडेलवाल, अपर कलेक्टर शोभाराम सोलंकी आदि उपस्थित थे।









