देवास : पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, कई लोगों की मौत की सूचना

देवास जिले के टोंक कलां क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक पटाखा निर्माण फैक्ट्री में भीषण विस्फोट होने से इलाके में दहशत फैल गई। यह हादसा सुबह करीब 11:30 बजे हुआ। जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में धीरज, सनी और सुमित नामक तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि कुल 25 लोग घायल हुए हैं।
प्रारंभिक सूचना में 8 से 10 लोगों की मौत की बात सामने आई थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या स्पष्ट की गई। घायलों में से 13 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए अलग-अलग अस्पतालों में रेफर किया गया है। वहीं कुछ लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं और तीन महिलाओं के लापता होने की भी जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में करीब 200 से अधिक महिलाएं कार्यरत थीं। विस्फोट इतना तेज था कि कई शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे, जिससे मौके पर भयावह स्थिति बन गई।
हादसे के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। घायलों को तुरंत उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा जा रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन और राहत दल मौके पर पहुंच गए हैं तथा बचाव कार्य जारी है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि दो केमिकल को मिलाकर बारूद तैयार किया जा रहा था, इसी दौरान मात्रा में असंतुलन के कारण विस्फोट हुआ।
लोगों के अनुसार हादसे के समय करीब 15 से 20 मजदूर फैक्ट्री के भीतर काम कर रहे थे। लंच से कुछ ही मिनट पहले यह धमाका हो गया, उस समय कर्मचारियों का भोजन भी आ चुका था, लेकिन विस्फोट के बाद सभी लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागे।
सीएम ने दिए घटना की जांच के आदेश
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने वरिष्ठ अधिकारियों, गृह सचिव और जिले के प्रभारी उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घटना की विस्तृत जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता और घायलों के निशुल्क उपचार की घोषणा की है।
अफसरों को घेरकर आक्रोश जताया
धमाके से फैक्ट्री के शेड के टीन हाईवे पर तक उडक़र आ गए। सूचना मिलते ही कलेक्टर, एडीएम और एसडीएम सहित तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और राहत कार्य को लेकर आवश्यक निर्देश दिए जा रहे हैं।संभागायुक्त आशीष सिंह के मौके पर पहुंचने पर भीड़ ने उन्हें घेर लिया और आक्रोश व्यक्त करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रत्यक्षदर्शी राजेश मालवीय के मुताबिक एक साल पहले फैक्ट्री शुरू हुई थी। अचानक धमाका हुआ और लोग पतरे के साथ हवा में उड़ते हुए जमीन पर जा गिरे। विस्फोट इतना तेज था कि मकान तक हिल गए।
View this post on Instagram









