धनतेरस: सोना 14 हजार महंगा

सराफा और बर्तन बाजार में रौनक: दुकान-शोरूम आभूषण, सिक्को व बर्तनों से सजे
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। धनतेरस पर बाजारों में रौनक छाई। सराफा और बर्तन बाजार की दुकानें आभूषण और बर्तनों से सज गई। हालांकि इस बार सोने के भाव पिछली धनतेरस से 14 हजार रुपए प्रति दस ग्राम महंगे हैं।
सोना 80 हजार रुपए के आसपास चल रहा है। इससे आज धनतेरस पर खरीदी पर असर होने की संभावना है। सराफा बाजार में इसके लिए लाइट वेट के आभूषण ज्यादा मंगाए गए हैं ताकि लोगों को निराश न होना पड़े। शहर में 24 कैरेट सोने के भाव इस बार 80 हजार रुपए प्रति दस ग्राम चल रहे हैं। धनतेरस का भाव दोपहर बाद खुलेंगे।
भाव में तेजी से लाइटवेट ज्वेलरी की अधिक डिमांड
धनतेरस के दिन सोना या चांदी खरीदना शुभ होता है, लेकिन इस बार सोने की बढ़ी कीमतों ने लोगों की उम्मीदों को तोड़ दिया है। सामान्य आय वर्ग के लोग अभी सोने के आभूषण खरीदने का विचार ही छोड़ चुके हैं। लखेरवाड़ी सराफा व्यापारी एसोसिएशन के अध्यक्ष महेश पायलवाला ने बताया इस बार ज्वैलर्स वालों ने लाइट वेट के आभूषण ज्यादा मंगाए हैं ताकि कम बजट के लोग भी धनतेरस या दीपावली की खरीदी कर सकें।
बड़े शोरूम पर भीड़- सोने चांदी के आभूषण खरीदने में बड़े शोरूम के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ रहा है। डीपी ज्वेलर्स और श्रीराम ज्वेलर्स जैसे शोरूम पर लोगों का रुझान ज्यादा है।









