इंदौर में आज दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 40 हजार फैंस जुटेंगे, ड्रोन से होगी निगरानी

7,499 रुपए वाला गोल्ड टिकट री-सेल में सस्ते में मिल रहा
इंदौर। पंजाबी सिंगर और अभिनेता दिलजीत दोसांझ का लाइव कॉन्सर्ट आज रविवार को इंदौर के बायपास स्थित सी-21 एस्टेट ग्राउंड पर होगा। रात 8 बजे दिलजीत मंच पर पहुंचेंगे। करीब 4 लाख वर्गफीट में फैले आयोजन स्थल पर 40 हजार दर्शकों के जुटने की संभावना है। कॉन्सर्ट को लेकर फैंस में उत्साह है, वहीं टिकटों की री-सेल भी शुरू हो गई है। ऑनलाइन 7,499 रुपए प्लस टैक्स में मिलने वाला गोल्ड टिकट सोशल मीडिया और वॉट्सएप ग्रुप्स पर कम कीमत में बेचा जा रहा है।
दूसरी ओर, शहर के शैक्षणिक संस्थानों को आरडीएक्स विस्फोट की धमकियां मिलने के बाद पुलिस प्रशासन ने कॉन्सर्ट की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। आयोजन स्थल और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी की जाएगी।
वीआईपी टेबल 8 लाख रुपए की- कॉन्सर्ट के टिकटों की कीमत 1,500 रुपए से शुरू होकर 10 लोगों की वीआईपी टेबल के लिए 8 लाख रुपए तक है। इस हिसाब से सबसे महंगे पैकेज में एक व्यक्ति का खर्च 80 हजार रुपए होगा। बुक माय शो ने इंदौर शो के लिए 7 करोड़ रुपए से अधिक के टिकट बिकने का दावा किया है। वहीं, नगर निगम को आयोजन के लिए 60 लाख रुपए से अधिक का टैक्स जमा कराया गया है।
7,499 रुपए का गोल्ड टिकट री-सेल में सस्ते में
ऑनलाइन 7,499 रुपए प्लस टैक्स में उपलब्ध गोल्ड टिकट अब सोशल मीडिया और वॉट्सएप गु्रप्स पर कम कीमत में ऑफर किए जा रहे हैं। कई लोग एक साथ कई टिकट बेचने के लिए भी पोस्ट कर रहे हैं। हाल ही में दिलजीत के चार चर्चित गानों पर रोक लगाए जाने के बाद कॉन्सर्ट को लेकर चर्चा तेज है। इसका असर टिकटों की री-सेल पर भी दिखाई देने की बात कही जा रही है।
शाम 4 से रात 12 बजे तक भारी वाहनों पर प्रतिबंध
कॉन्सर्ट में भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और ट्रैफिक का विशेष प्लान तैयार किया है। शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक पटेल नगर क्रॉसिंग से दस्तूर चौराहा, स्टार चौराहा और रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। दर्शकों के वाहनों के लिए सी-21 बिजनेस पार्क में तीन जोन में निशुल्क पार्किंग की व्यवस्था की गई है। टिकट की कैटेगरी के अनुसार प्रवेश मिलेगा। वीवीआईपी टेबल के लिए अलग प्रवेश द्वार रहेगा। आयोजकों की ओर से जारी विशेष कार पास और स्टीकर अनिवार्य होगा।









