सिर्फ 5 मिनट में करें मेकअप, ऑफिस के लिए ऐसे पाएं फ्रेश और नेचुरल लुक

सुबह अलार्म कई बार बंद करने के बाद जब आंख खुलती है, तब ऑफिस जाने में सिर्फ 10 मिनट बचे होते हैं। ऐसे में न ठीक से बाल बनाने का समय मिलता है और न ही मेकअप करने का। कई बार जल्दबाजी में मेकअप छोड़ने का मन भी करता है। लेकिन अगर आपको थोड़ा फ्रेश और तैयार दिखना है, तो इसके लिए ज्यादा समय की जरूरत नहीं है। कुछ आसान स्टेप्स की मदद से आप सिर्फ 5 मिनट में बेसिक मेकअप कर सकती हैं।
1. मॉइस्चराइजर और फाउंडेशन साथ लगाएं
अलग-अलग मॉइस्चराइजर और फाउंडेशन लगाने में समय लग सकता है। इसलिए जल्दबाजी में दोनों को थोड़ी मात्रा में मिलाकर चेहरे पर लगा सकती हैं। इससे त्वचा पर एकसार बेस तैयार हो जाएगा और चेहरा ज्यादा ड्राई भी नहीं लगेगा। अगर चेहरे पर हल्का ग्लो चाहिए तो इसमें लिक्विड हाइलाइटर की एक-दो बूंद भी मिला सकती हैं।
2. कंसीलर से चेहरे को फ्रेश दिखाएं
कम नींद की वजह से आंखों के नीचे थकान साफ नजर आ सकती है। ऐसे में कंसीलर काम आ सकता है। आंखों के नीचे और चेहरे के उन हिस्सों पर हल्का कंसीलर लगाएं, जहां ज्यादा डलनेस या दाग दिखाई दे रहे हों। इसे उंगलियों या मेकअप स्पंज की मदद से अच्छी तरह ब्लेंड कर लें।
3. ज्यादा ऑयली लुक से बचने के लिए पाउडर लगाएं
मेकअप के बाद चेहरा चमकदार दिखना अच्छा लगता है, लेकिन बहुत ज्यादा ऑयली लुक अच्छा नहीं लगता। खासकर ऑफिस में लंबे समय तक रहने के दौरान ऐसा हो सकता है। इसलिए हल्के हाथों से कॉम्पैक्ट या लूज पाउडर लगाएं। इसे खासतौर पर नाक, माथे और उन हिस्सों पर लगाएं जहां त्वचा जल्दी ऑयली हो जाती है।
4. लिपस्टिक से गालों को भी दें रंग
अब चेहरे पर थोड़ा कलर लाने की बारी है। इसके लिए गुलाबी या अपनी पसंद की नैचुरल शेड वाली लिपस्टिक लगाएं। जल्दबाजी में अलग ब्लश ढूंढने की जरूरत नहीं है। लिपस्टिक की थोड़ी सी मात्रा उंगली पर लेकर गालों के ऊपरी हिस्से पर हल्के हाथ से लगाएं और अच्छी तरह ब्लेंड कर लें। इससे चेहरे पर नेचुरल ब्लश जैसा लुक आएगा।
5. आंखों को नजरअंदाज न करें
पांच मिनट के मेकअप में आईशैडो, काजल और आईलाइनर लगाने में समय न लगाएं। इसकी जगह सिर्फ मस्कारा लगाना आसान रहेगा। मस्कारा की एक-दो कोट पलकों पर लगाएं। इससे आंखें ज्यादा खुली और फ्रेश दिखाई देंगी। अगर आइब्रो पेंसिल नहीं है तो मस्कारा ब्रश पर बची थोड़ी मात्रा को आइब्रो पर हल्के हाथ से लगा सकती हैं।









