चरक अस्पताल के डॉक्टरों ने किया कमाल, कर डाली स्किन ग्राफ्टिंग

अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। चरक अस्पताल के डॉक्टरों ने एक बार फिर कमाल कर दिखाया है। उन्होंने उपलब्ध संसाधनों से ही एक मरीज की स्किन ग्राफ्टिंग कर दी। निजी अस्पताल में इस सर्जरी पर 1 लाख रुपए का खर्च आता।

फाजलपुरा निवासी रोहित पिता बंशीलाल के बाएं पैर में करीब 4 महीने बाइक के स्टैंड से गंभीर चोट लगी थी। इस कारण उसके पैर में गहरा घाव हो गया था। यह घाव भर नहीं पा रहा था। रोहित ने चरक चिकित्सालय में चिकित्सकों को दिखाया तो उन्होंने ड्रेसिंग करके घाव साफ कर दिया। फिर उन्हें ऑपरेशन कराने की सलाह दी।
सीएस डॉ. संगीता पलसानिया ने बताया कि सर्जरी डिपार्टमेंट के वरिष्ठ सर्जन डॉ. मुंशी खान के नेतृत्व में डॉ. ए.के. सिंह ने स्किन ग्राफ्टिंग सर्जरी करने का फैसला किया। निश्चेतना विभाग के डॉ. दिनेश सिसौदिया, डॉ. सपना शर्मा के सहयेाग से स्किन की ग्राफ्टिंग की गई। यह सफल रही। अब रोहित का घाव भरा रहा है। पलसानिया ने बताया कि निजी चिकित्सालय में स्किन ग्राफ्टिंग सर्जरी का अनुमानित खर्च 1 लाख रुपए होता है, चरक अस्पताल में यह बगैर किसी शुल्क के हो गया।
क्या है स्किन ग्राफ्टिंग
स्किन ग्राफ्टिंग पौधों की ग्राफ्टिंग की तरह होती है। इसमें स्वस्थ हिस्से की त्वचा को निकाल उसका प्रत्यारोपण उस जगह पर होता है, जहां की त्वचा घाव, झुलसने से खराब हो जाती है।
इसका मुख्य मकसद घाव को संक्रमण से बचाना और नई त्वचा की कार्यक्षमता बढ़ाना होता है। यह सर्जरी कठिन इसलिए होती है कि स्वस्थ त्वचा को निकालना और उसे फिर से प्रत्यारोपित करने में बहुत सावधानी रखनी पड़ती है, क्योंकि त्वचा में रक्त प्रवाह में व्यवधान, घाव की सफाई, संक्रमण का खतरा हमेशा बना रहता है।









