DRDO में पेड इंटर्नशिप का मौका! UG-PG छात्रों को मिलेगा ₹30,000 स्टाइपेंड, जानें पूरी डिटेल

रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) की प्रमुख प्रयोगशाला रिसर्च सेंटर इमारत (RCI), हैदराबाद ने शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए पेड इंटर्नशिप कार्यक्रम का नोटिफिकेशन जारी किया है। इस इंटर्नशिप के तहत कुल 160 छात्रों का चयन किया जाएगा। चयनित अभ्यर्थियों को रक्षा अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों से जुड़ी वास्तविक परियोजनाओं पर काम करने का अवसर मिलेगा। यह कार्यक्रम उन छात्रों के लिए बेहतरीन मौका है जो पढ़ाई के साथ-साथ रिसर्च और डेवलपमेंट सेक्टर में व्यावहारिक अनुभव हासिल करना चाहते हैं।
रक्षा अनुसंधान क्षेत्र में मिलेगा काम करने का अवसर
RCI को DRDO का आधुनिक एवियोनिक्स हब माना जाता है, जहां भारत के मिसाइल और रक्षा कार्यक्रमों के लिए नई तकनीकों और प्रणालियों का विकास किया जाता है। यहां इंटर्नशिप करने वाले छात्रों को विशेषज्ञ वैज्ञानिकों और इंजीनियरों के साथ काम करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनके तकनीकी और पेशेवर कौशल में भी सुधार होगा।
जानिए आवेदन और इंटर्नशिप की महत्वपूर्ण तारीखें
इंटर्नशिप के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 20 जून 2026 निर्धारित की गई है। चयनित उम्मीदवारों की जानकारी जुलाई 2026 के दूसरे सप्ताह में दी जाएगी। वहीं इंटर्नशिप कार्यक्रम की शुरुआत 3 अगस्त 2026 से होगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस इंटर्नशिप के लिए केवल उत्कृष्ट शैक्षणिक रिकॉर्ड वाले छात्र आवेदन कर सकते हैं। बीटेक के सातवें और आठवें सेमेस्टर में पढ़ रहे छात्र स्नातक श्रेणी के तहत आवेदन के पात्र हैं। वहीं एमटेक और एमएससी के दूसरे वर्ष के विद्यार्थी स्नातकोत्तर श्रेणी में आवेदन कर सकते हैं। उम्मीदवार का किसी AICTE या UGC मान्यता प्राप्त संस्थान से न्यूनतम 75 प्रतिशत अंक या समकक्ष सीजीपीए होना अनिवार्य है।
आयु सीमा क्या तय की गई है?
आवेदन करने वाले उम्मीदवार की अधिकतम आयु 28 वर्ष निर्धारित की गई है। आधिकारिक अधिसूचना में किसी विशेष वर्ग के लिए आयु सीमा में छूट का उल्लेख नहीं किया गया है।
इन विषयों के छात्र कर सकते हैं आवेदन
स्नातक स्तर पर कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, एरोनॉटिकल, मटेरियल, केमिकल और सेफ्टी इंजीनियरिंग जैसे विषयों के छात्र आवेदन कर सकते हैं। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर कंप्यूटर साइंस, इलेक्ट्रॉनिक्स, मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, पावर इंजीनियरिंग, फिजिक्स, केमिस्ट्री, वीएलएसआई, रडार टेक्नोलॉजी, रोबोटिक्स और लेजर टेक्नोलॉजी सहित कुल 16 विषयों के विद्यार्थियों को आवेदन का अवसर मिलेगा।
हर महीने मिलेगा 5,000 रुपये का स्टाइपेंड
इंटर्नशिप के दौरान चयनित छात्रों को 5,000 रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जाएगा। छह महीने की अवधि में कुल 30,000 रुपये की राशि दो किस्तों में प्रदान की जाएगी। पहली किस्त तीन महीने पूरे होने के बाद और दूसरी किस्त इंटर्नशिप समाप्त होने पर जारी की जाएगी।
आवेदन के लिए नहीं देनी होगी कोई फीस
इस भर्ती प्रक्रिया में आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों से किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। हालांकि चयनित छात्रों को रहने और खाने की व्यवस्था स्वयं करनी होगी। इंटर्नशिप की अवधि कम से कम छह महीने की होगी और प्रत्येक माह न्यूनतम 15 दिन प्रयोगशाला में उपस्थिति अनिवार्य रहेगी।
ऑफलाइन माध्यम से करना होगा आवेदन
इच्छुक उम्मीदवारों को आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन माध्यम से पूरी करनी होगी। इसके लिए निर्धारित बायोडाटा फॉर्म भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ जमा करना होगा। आवेदन पत्र के साथ प्रमाणित मार्कशीट की प्रतियां, कॉलेज आईडी कार्ड, आधार कार्ड की प्रति और कॉलेज के प्राचार्य या विभागाध्यक्ष द्वारा जारी मूल रेफरल लेटर संलग्न करना अनिवार्य होगा। रेफरल लेटर पर अधिकृत हस्ताक्षर और संस्थान की मुहर होना जरूरी है।









