साहिबखेड़ी में ट्रैक्टर को डम्पर ने टक्कर मारी युवक घायल, गुस्साए ग्रामीणों ने डम्पर फूंका

उज्जैन। बुधवार शाम तेज रफ्तार डम्पर के चालक ने आगे चल रहे ट्रैक्टर में खतरनाक टक्कर मारी। इससे ट्रैक्टर तीन पलटी खा गया। दुर्घटना में युवक घायल हुआ। गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर सहित तीन लोगों को पकड़ा और डम्पर में आग लगा दी। चिमनगंज थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है।
पुलिस ने बताया कि साहिबखेड़ी में रहने वाला प्रवीण पिता कैलाश जाट शाम करीब 6.10 बजे ट्रैक्टर लेकर खेत हाकने जा रहा था। वह अपना वाहन लेकर गांव के बलराम सिंह पिता दरियावसिंह के घर के सामने से गुजर रहा था तभी पीछे से आए तेज रफ्तार डम्पर के चालक ने ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। दुर्घटना में प्रवीण गंभीर रूप से घायल हो गया।
इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए। भीड़ देखकर डम्पर चालक व उसमें बैठे दो युवकों ने खेतों में दौड़ लगा दी। ग्रामीणों ने घेरा डाला और तीनों को पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने डम्पर में आग लगा दी। ग्रामीणों ने ड्राइवर और उसके साथियों के कपड़े फाड़कर रस्सी से बांधा और चिमनगंज थाना पुलिस को सूचना दी।
ड्रायवर ने भी दर्ज कराई रिपोर्ट
चिमनगंज थाना प्रभारी हितेश पाटिल पुलिस बल के साथ साहिबखेड़ी पहुंचे। जल रहे डम्पर की आग बुझवाई और ग्रामीणों के कब्जे से ड्रायवर और उसके दोस्तों को छुड़ाया। तीनों के कपड़े फटे थे। उन्हें रस्सी से बांधा गया था। थाने आने पर डम्पर चालक पानबिहार निवासी 25 वर्षीय शिवनंदन यादव पिता लखन यादव ने ग्रामीणों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। उसने पुलिस को बताया कि वह गिट्टी लेने डम्पर से खदान पर जा रहा था। दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने पीटा और डम्पर में आग लगाकर नुकसान किया।









