Popup Image
Advertisement

पुराने शहर में ट्रैफिक व्यवस्थित करने की कवायद, विधायक कालूहेड़ा का सीएम को पत्र, 3 और रोड चौड़ी की जाना चाहिए

एटलस चौराहा-पटनीबाजार, छत्रीचौक-नलियाबाखल, इंदौरगेट से नीलकंठ द्वार के प्रस्ताव से कांग्रेस नाराज

Advertisement

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पुराने शहर की तंग गलियों में फंसने वाले लोगों को बदहाल ट्रैफिक से निजात दिलाने के लिए उज्जैन उत्तर के विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा ने तीन और सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव रखा है। इस संबंध में उन्होंने सीएम डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने सिंहस्थ-2028 को देखते हुए एटलस चौराहा-पटनीबाजार, छत्रीचौक-नलिया बाखल और इंदौरगेट-नीलकंठ द्वार तक सड़क चौड़ीकरण करने का सुझाव दिया है।

7 अगस्त को लिखे पत्र में सिंहस्थ आयोजन और सुगम आवागमन का हवाला दिया है। पत्र में सड़क का पूरा ब्योरा भी दिया गया है।

Advertisement

कौन सी सड़क कैसे होगी चौड़ी

1 एटलस चौराहा- पटनी बाजार: एटलस चौराहा, खाराकुआं, व्यायामशाला की गली से होते हुए जाने वाली सड़क। इस मार्ग की लंबाई करीब 700 मीटर है।

Advertisement

2 छत्रीचौक-नलिया बाखल: छत्रीचौक, नईपेठ, बीजी की ग्वाड़ी, उपकेश्वर चौराहा होते हुए नलियाबाखल तक जाने वाली सड़क ८०० मीटर लंबी है।

3 इंदौर गेट-नीलकंठ द्वार इंदौरगेट, सखीपुरा, नलिया बाखल, सूरजनगर से जाने वाली यह सड़क करीब ७०० मीटर लंबी है।

शहर का ट्रैफिक व्यवस्थित होगा

पुराने शहर की कई सड़कों के चौड़ीकरण का काम चल रहा है। यह तीनों सड़कें भी अगर चौड़ी हो जाती हैं तो ट्रैफिक पुराने शहर में काफी व्यवस्थित हो जाएगा। अभी इन तीनों ही मार्गों पर सुबह से देर रात तक जाम की स्थिति रहती है। सिंहस्थ में सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए इन सड़कों का चौड़ीकरण जरूरी है। इससे व्यापार-व्यवसाय भी बेहतर होगा।
अनिल जैन कालूहेड़ा
विधायक उज्जैन उत्तर

करीब 3 हजार लोग होंगे प्रभावित
प्रस्तावित तीनों सड़कें घने व्यवसायिक और रहवासी इलाकों से गुजरती हैं। चौड़ीकरण होने पर 3 हजार लोग प्रभावित हो सकते हैं। सड़कों को चौड़ा करना इस लिए भी चुनौती भरा है कि यह दिनभर ट्रैफिक रहता है।

विधायक बताएं आखिर उनका क्या हित है
तीन नई सड़कों के चौड़ीकरण के पत्र पर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। नगरनिगम के नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि इन तीनों सड़कों को चौड़ा करना यानी कम से कम 3 से 4 हजार परिवारों को उजाडऩा। इनमें कई परिवार बेहद गरीब हैं। विधायक उज्जैन शहर में चौड़ीकरण प्रभावितों को मुआवजा तक तो दिला नहीं पा रहे हैं और वह नए मोर्चे खोल रहे हैं। उज्जैन शहर में ही पीडब्ल्यूडी, एमपीआरडीसी चौड़ीकरण काम के लिए मुआवजा दे रहे हैं, जबकि नगरनिगम टीडीआर दे रहा है। एक ही शहर में दो पॉलिसी कैसे हो सकती है? विधायक का इन सड़कों को चौड़ा करने के पीछे क्या हित है? इस पर भी बात होनी चाहिए।
रवि राय, नेता प्रतिपक्ष, उज्जैन नगरनिगम

सिंहस्थ से पहले इन सड़कों का चौड़ीकरण मुश्किल काम
विधायक का प्रस्ताव ट्रैफिक की दृष्टि से बेहतर हो लेकिन सिंहस्थ से पहले इन सड़कों का चौड़ीकरण होना मुश्किल लगता है। निर्माण एजेंसी के एक बड़े अफसर ने बताया कि प्रस्ताव की मंजूरी, राशि की स्वीकृति और टेंडर के साथ इन मार्गों के चौड़ीकरण में सबसे बड़ी चुनौती मकानों को खाली कराने की है। बड़े पैमाने पर टूट-फूट और कम समय में निर्माण करना मुश्किल काम होगा। फिर भी अगर प्रस्ताव स्वीकृत और राशि की मंजूरी मिलती है तो यह काम करने की कोशिश की जा सकती है।

पटनी बाजार क्षेत्र चौड़ीकरण के लिए दो कंपनियों ने दिखाई रुचि

उज्जैन। महाकाल घाटी चौराहा से ढाबा रोड (गुदरी-पटनी बाजार होते हुए) तक रोड चौड़ीकरण का काम बारिश बाद शुरू होगा। सोमवार को इस रोड के लिए आए दो कंपनियों के टेंडर खुल गए हैं। जल्दी ही वर्क ऑर्डर जारी होगा।

इस प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण के लिए नगर निगम ने दूसरी बार टेंडर निकाला था। पिछली निविदा में पर्याप्त प्रतिस्पर्धा नहीं मिलने के कारण निगम ने संशोधित कार्यक्रम जारी करते 8 अगस्त तक टेंडर काल किए थे जिन्हें सोमवार को खोला गया। नगर निगम सूत्रों के मुताबिक दो कंपनियों ने टेंडर डाले हैं। वर्तमान में यह सड़क लगभग 35 से 45 फीट चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर करीब 65 फीट करने की योजना है।

महाकाल चौराहा से ढाबा रोड तक का यह पूरा मार्ग व्यापारिक क्षेत्र है। जिसमें गुदरी, पटनी बाजार और गोपाल मंदिर क्षेत्र आता है। टेंडर खुलने के साथ ही इस मार्ग से प्रभावित होने वाले व्यापारियों में एक बार फिर हलचल शुरू हो गई है। प्रोजेक्ट के लिए पहली बार टेंडर आमंत्रित किए जाने पर व्यापारियों ने विरोध जताया था। चौड़ीकरण की प्रक्रिया आगे बढऩे के साथ प्रभावित व्यापारी एक बार फिर विरोध में सड़क पर उतर सकते हैं। बताया जा रहा है कि कई व्यापारियों ने न्यायालय जाने की तैयारी भी कर रखी है। ऐसे में प्रशासन के सामने निर्माण कार्य शुरू कराने के साथ प्रभावित पक्षों के विरोध को संभालने की चुनौती भी रहेगी।

महाकाल से मंगलनाथ तक अब आसान होगी कनेक्टिविटी
महाकाल चौराहा से पटनी बाजार, गोपाल मंदिर होते हुए ढाबा रोड चौराहा तक चौड़ीकरण होने से महाकाल मंदिर से मंगलनाथ मंदिर तक की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। फिलहाल यह हिस्सा संकरा होने के कारण आए दिन जाम की स्थिति बनती है। सड़क चौड़ी होने से सिंहस्थ के दौरान भीड़ प्रबंधन में मदद मिलेगी। इसके अलावा पंचक्रोशी यात्रा, महाकाल की सवारी और अन्य विशेष आयोजनों के दौरान भी इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

इनका कहना: महाकाल चौराहा से ढाबा रोड तक चौड़ीकरण के लिए टेंडर खोले गए हैं। टेंडर में आई दरों का मूल्यांकन कराया जा रहा है। स्वीकृति मिलने के बाद वर्कऑर्डर जारी किया जाएगा।
-हिमांशु तिवारी,
नगर निगम कार्यपालन यंत्री

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें