6 दिन बाद भी लाइन लीकेज ठीक नहीं, बह रहा पानी

चामुंडा माता चौराहा के पास फूटी पाइप लाइन अब तक दुरुस्त नहीं
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। चामुंडा माता चौराहा क्षेत्र में छह दिन पहले फूटी ६०० एमएम की पाइपलाइन का लीकेज पीएचई अमला मंगलवार की सुबह तक ठीक नहीं कर सका है। जलसंकट के इस दौर में पाइपलाइन से लगातार पानी बह रहा है। इंदिरानगर टंकी तक जाने वाली इस मेन पाइपलाइन के लीकेज का असर आगर रोड के आठ से ज्यादा वार्डों में पड़ रहा है। यहां पानी की समस्या पैदा हो गई है।
दरअसल, एलिवेटेड कॉरिडोर की पाइलिंग के दौरान चामुंडा माता क्षेत्र में छह दिन पहले दो पाइप लाइन फूटी थी। इनमें से एक २५० एमएम और दूसरी 600 एमएम की थी। कॉरिडोर बना रही रवि इन्फ्राबिल्ड के लोगों ने पाइलिंग के तत्काल बाद कांक्रीट भर दिया था। टनों से भरा यह कांक्रीट लाइन में पूरी तरह सेट हो गया है।
इस वजह से वार्ड, 3, 4,5,6,16,17,18 और 25 में अब पानी नहीं आ रहा है। पीएचई अमले ने लीकेज तो तलाश लिया लेकिन मरम्मत में उसे दिक्कत आ रही है, क्योंकि कंपनी अफसर सहयोग नहीं कर रहे हैं। हालांकि वरिष्ठ अफसरों के हड़काने के बाद एक पाइप लाइन की मरम्मत में उन्होंने सहयोग किया है, इस वजह से 250 एमएम की पाइप लाइन ही ठीक हो सकी है, दूसरी 600 एमएम की लाइन अभी भी फूटी पड़ी है और इसका पानी पूरे इलाके में फैल रहा है। यह नर्मदा का कीमती पानी है, जो यूं ही बह रहा है।
600 एमएम में दिक्कत कांक्रीट तोडऩा चुनौती
600 एमएम की पाइपलाइन मेंं कॉरिडोर निर्माता कंपनी ने अंदर तक कांक्रीट भर दिया है। ऐसे में इसे तोडऩा चुनौती बन गया है। पिछले छह दिन से पीएचई का अमला इसे तोडऩे की कोशिश कर रहा है लेकिन सफलता नहीं मिल रही।
पीचई के कार्यपालन यंत्री राहुल सूर्यवंशी ने बताया कि एक लाइन ठीक कर दी है। दूसरी की मरम्मत में दिक्कत आ रही है। इसे ठीक करने का प्रयास कर रहे हैं। पाइपलाइन के बड़े हिस्से में कांक्रीट घुस गया है। इसे निकालना चुनौती भरा है।
टंकी भरने में आ रही दिक्कत
पंपिंग ठीक से नहीं होने के कारण टंकियां नहीं भरा रही हैं। इसलिए दिक्कत आ रही है। अफसरों से कहा कि वे मसले को देखें और व्यवस्था ठीक करें।
प्रकाश शर्मा, प्रभारी
जलकार्य समिति नगर निगम









