पोल पर खुले तार, सुविधाघर की सफाई नहीं, श्रद्धालु परेशान

मानसून की मुसीबत
उज्जैन। मानसूनी सीजन लोगों की परेशानी का कारण बन गया है। कहीं नाला निर्माण के लिए खुदाई कर गड्ढे खुले छोड़ दिए गए हैं तो कहीं सुविधाघर की सफाई नहीं हो रही है।
मंगलनाथ मंदिर के सुविधाघर में गंदगी
मंगल पूजन के लिए ख्यात मंगलनाथ मंदिर के सुविधाघर में गंदगी फैली है। यहां रोजाना करीब 5 हजार और मंगलवार को 10 हजार से ज्यादा लोग दर्शन करने आते हैं। ऐसे में सुविधाघर का उपयोग करने वाले गंदगी देखकर परेशान होते हैं।
मगरमुंहा में खुले पड़े तार, हादसे की आशंका
वार्ड नंबर 21 में आने वाले मगरमुंहा में पोल पर बिजली के तार खुले हैं। बारिश के सीजन में यह हादसे की वजह बन सकते हैं। वार्ड के रहवासी जसंवत चौधरी बताते हैं कि मगरमुंहा क्षेत्र वैसे ही संकरा है। बड़ी मुश्किल से वाहन निकलते हैं। पिछले दिनों ट्रॉली ले जा रहा युवक तार छूते-छूते बचा। वार्ड के पार्षद अर्पित दुबे हैं और वह कांग्रेस से आते हैं।
नाले के लिए खुदाई की, फिर यूं ही छोड़ा
वार्ड नंबर 7 की दुर्गाकॉलोनी में नाला निर्माण के लिए १ महीने पहले खुदाई की गई थी, पर निर्माण अब तक शुरू नहीं किया गया। अब इन गड्ढों में बारिश का पानी भर गया है और हादसे की आशंका पैदा हो गई। गड्ढों के आसपास सुरक्षा के लिए ना तो चेतावनी बोर्ड हैं, ना फेंसिंग। इसमें गंदगी भी फैली है। नाला आगे जाकर चोक हो रहा है और गंदा पानी घरों में जा रहा है। वार्ड से विजयसिंह कुशवाहा पार्षद हैं। वह भाजपा से आते हैं।
अपने वार्ड की समस्या हमें भेजें
अगर आप भी अपने वार्ड में सड़क, गंदगी, कीचड़, पानी, बिजली की समस्या का सामना कर रहे हैं तो अपनी समस्या हमें भेजिए। इसे हम जिम्मेदारों तक पहुंचाएंगे। सूचना हमें मोबाइल नंबर ९८२६३११८२८ पर दे सकते हैं।









