कंपनी कर्मचारी से पांच लाख की रंगदारी मांगी, 3 गिरफ्तार

मोटरसाइकिल एवं नकदी बरामद

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। लैंसेक्स कंपनी के एक कर्मचारी को धमकाकर तीन युवकों ने 5 लाख रुपए की रंगदारी मांग ली। इतना ही नहीं उन्होंने कर्मचारी से 5 हजार रुपए भी छीन लिए। बिरलाग्राम थाने में कर्मचारी ने रिपोर्ट दर्ज कराई तो पुलिस ने २४ घंटे के भीतर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
दरअसल, राजेश यादव लैंसेक्स कंपनी में डिप्टी मैनेजर हैं। वह बिरलाग्राम क्षेत्र से होकर कंपनी तक आते-जाते हैं। दो दिन पहले वह सी-ब्लॉक से होते हुए मोटरसाइकिल से कंपनी जा रहे थे। ऐसे में उन्हें रास्ते में उमेश कल्याणे पिता रमेश (28), दीपक कल्याणे पिता बाबूलाल (34)और संदीप राठौड़ पिता रामलाल राठौड (30) निवासी सी-ब्लॉक टापरी, बिरलाग्राम ने रोक लिया। आरोपियों ने कहा कि वह क्षेत्र के दबंग हैं और यहां से निकलने पर उन्हें रंगदारी देनी होगी। आरोपियों ने राजेश के साथ मारापीटी की और पांच लाख रुपए की मांग की। इतना ही नहीं आरोपियों ने रुपए भी छीन लिए।
आदतन अपराधी हैं
गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी हैं। उमेश पर 8, दीपक पर 5 और संदीप
पर 2 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
पुलिस ने इनसे घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल तथा लूटी गई राशि में से 560 नगद बरामद किए गए।
फाइनेंसकर्मी से लूट करने वाले 3 बदमाश गिरफ्तार
उज्जैन। चिमनगंज पुलिस ने ढांचा भवन मार्ग के पास एक फाइनेंस कंपनी के कर्मचारी से चाकू दिखाकर लूटपाट करने वाले तीन शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार ग्राम चंदेसरा निवासी सौदान जापट एक निजी फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। वह 13 जून को ढाबा रोड स्थित गेबी हनुमान मंदिर में दर्शन करने गया था। दर्शन करने के बाद जब वह ढांचा भवन मार्ग से होते हुए मक्सीरोड की तरफ बढ़ रहा था, तभी प्रीति नगर में एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन अज्ञात बदमाशों ने उसका रास्ता रोक लिया।
बदमाशों ने सौदान पर चाकू अड़ा दिया और जान से मारने की धमकी देकर उसके पास रखे 14 हजार रुपये नकद और मोबाइल फोन छीनकर मौके से रफूचक्कर हो गए। सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में नजर तीन संदिग्ध युवकों की जांच की गई तो इनकी पहचान हीरामिल की चाल निवासी कृष्णा, मिथुन और लाखन के रूप में हुई। इन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।









