खेत में पराली जलाते समय जिंदा जला किसान, पड़ोसी के खेत में मिला शव

आग बुझाने की कोशिश में लपटों के बीच घिरे, भतीजे ने जूतों से की पहचान

अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। उन्हेल मार्ग स्थित ग्राम सोडंग में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहाँ पराली जलाने के दौरान एक 60 वर्षीय किसान आग की चपेट में आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। किसान का जला हुआ शव पड़ोसी के खेत में मिला। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
भैरवगढ़ पुलिस के अनुसार, ग्राम सोडंग निवासी रामेश्वर (60) पिता लक्ष्मण आंजना रविवार सुबह 11 बजे अपने खेत पर पराली जलाने का कहकर निकले थे। दोपहर तक जब वे घर नहीं लौटे, तो उनका भतीजा दिनेश आंजना उन्हें ढूंढने खेत पहुँचा। वहाँ भीड़ जमा थी और पड़ोसी हकीम भाई के खेत में एक क्षत-विक्षत जला हुआ शव पड़ा था। दिनेश ने हुलिये, कद-काठी और जूतों के आधार पर अपने चाचा की शिनाख्त की।
आशंका जताई जा रही है कि रामेश्वर ने अपने खेत में पराली जलाई थी, लेकिन हवा के कारण आग पड़ोसी के खेत तक फैल गई, जहाँ सूखे चारे (सुकले) का ढेर लगा था। माना जा रहा है कि रामेश्वर तार फेंसिंग पार कर आग बुझाने के लिए पड़ोसी के खेत में गए होंगे, जहाँ वे अनियंत्रित होकर गिर पड़े और लपटों से घिर गए।
दम घुटने या झुलसने के कारण वे उठ नहीं पाए और उनकी मृत्यु हो गई। परिजनों ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पूर्व रामेश्वर के सिर में चोट लगी थी, जिसके बाद से उनका स्वास्थ्य भी ठीक नहीं रहता था। संभवत: इसी कारण वे आग की विकरालता का अंदाजा नहीं लगा पाए। भैरवगढ़ पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।









