जमीन विवाद में किया फायर पिलर पर लगी गोली!

फरियादी का आरोप चाचा और उनके बेटे ने डराने के लिए भेजे थे बदमाश
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
उज्जैन। नानाखेड़ा क्षेत्र के महावीर बाग में शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात स्कूटर से आए दो अज्ञात बदमाश ने एक घर के बाहर से फायर किया। गोली पिलर पर लगी जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। मामले में फरियादी ने जमीन विवाद के चलते अपने चाचा और उनके बेटे पर गोली चलवाने का आरोप लगाया है। घटना का फुटेज भी सामने आया है। नानाखेड़ा पुलिस मामले की जांच कर रही है।
महावीर बाग में रहने वाले विशाल कनोजिया ने बताया कि उनकी दादी के नाम पर पुश्तैनी जमीन है। चाचा दिनेश पिता लक्ष्मण कनोजिया निवासी कमरी मार्ग और उनका बेटा नितेश पिता दिनेश कनोजिया जमीन बिकवाकर अपना हिस्सा लेना चाहते हैं।
इसी के चलते उन्होंने हमें डराने के लिए बदमाश भेजे जिन्होंने शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात करीब १ बजे देसी कट्टे से फायर किया। इससे पहले उन्होंने घर के बाहर दो राउंड भी लगाए। हालांकि, गोली पिलर पर लगी जिससे वहां निशान बन गया। उन्होंने मामले में नानाखेड़ा थाने में प्रकरण दर्ज करवाया है। हालांकि, घटना का १ मिनट ९ सेकंड का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें स्कूटर पर दो लोग दिखाई दे रहे हैं।
अभी तक गोली चलाने वालों की पहचान नहीं हुई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है। उनके पकड़ में आने के बाद ही घटना के सही कारणों का पता चल सकेगा। पीयूष मिश्रा, जांच अधिकारी, थाना नानाखेड़ा









