Popup Image

आतिशबाजी से उज्जैन बना गैस चैंबर, एक्यूआई 306 पर पहुुंचा

पर्यावरण संकट- पहली बार दीपोत्सव में दो दिन तक शहर में छाया रहा धूल का गुबार, लोगों में अस्थमा और फेफड़ों की बीमारी बढऩे की आशंका

Advertisement

स्प्रिंकलर मशीन से वेस्ट वाटर का छिड़काव कर धूल से दिलाई राहत

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। निर्माण कार्य और इसके बीच जमकर की गई आतिशबाजी ने दिवाली पर शहर को गैस चैंबर बना दिया। हाल यह रहा कि एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 304 से 306 के बीच चला गया। इस वजह से दो दिन तक शहर में धूल का गुबार छाया रहा। नगरनिगम ने स्प्रिंकलर मशीन से पानी का छिड़काव कर धूल के कण (पीएम 2.5) से राहत दिलाने की कोशिश की।

Advertisement

दरअसल, उज्जैन में एक्यूआई इस हद तक बढऩे के इस बार दो कारण रहे। पहला आतिशबाजी और दूसरा सीवरेज, और निर्माण कार्य के प्रोजेक्ट। प्रोजेक्ट में जगह-जगह खुदाई के कारण धूल पसरी थी और आतिशबाजी के धमाकों ने इन्हें ऊपर की तरफ धकेला दिया। लिहाजा धूल के गुबार ने पूरे शहर को दो दिन ढंके रखा। महालक्ष्मी पूजन वाले दिन (8 नवंबर) को पूरा शहर एक तरह से गैस चैंबर बना हुआ था।

हाल यह था कि घनी बस्ती वाले इलाके में 20 फीट दूर तक देखना मुश्किल हो रहा था। घनी बस्ती के साथ बाहरी कॉलोनियों में इसका असर दिखाई दिया। अमूमन देवास-इंदौर रोड की कॉलोनियों की हवा साफ मानी जाती है, लेकिन उस रात यहां भी धूल ही धूल छाई हुई थी। कुछ ऐसा ही हाल पड़वा (9 नवंबर ) की रात भी रहा। इस दिन केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के समीर एप पर पॉश कॉलोनी महाश्वेतानगर में एक्यूआई 306 रिकॉर्ड किया गया है।

Advertisement

अस्थमा की शिकायत हो सकती है, मॉस्क लगाएं

बढ़े एक्यूआई का असर फेफड़े और अस्थमा की परेशानी के रूप में सामने आ सकता है। सीएमएचओ डॉ. विक्रम रघुवंशी बताते हैं कि धूल और प्रदूषण दोनों ही मानव स्वास्थ्य के लिए घातक हैं। यह फेफड़े और अस्थमा की परेशानी पैदा कर सकते हैं। इनसे बचने का सबसे अच्छा उपाय मॉस्क पहनना है। हालांकि घर के आसपास वातावरण ठीक रखने के लिए पानी का छिड़काव करना चाहिए।

वाटर स्प्रिंकलर मशीन से प्रमुख स्थलों पर किया छिड़काव
खराब एक्यूआई को ठीक करने के लिए नगरनिगम ने प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थल एवं प्रमुख मार्गों पर वाटर स्प्रिंकलर मशीन से छिड़काव किया।खासकर चौड़ीकरण वाले इलाकों में छिड़काव होने से धूल के कण नीचे बैठ गए और हवा सांस लेने लायक बन गई।
निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने अफसरों से कहा कि एक्यूआई बेहतर करने के लिए व्यस्त चौराहे, प्रमुख मार्ग, भारी ट्रैफिक वाले क्षेत्र में स्प्रिंकलर मशीन से छिड़काव किया जाए।

वेस्ट वाटर का उपयोग किया
धूल से राहत दिलाने के लिए शहर में स्प्रिंकलर मशीन से छिड़काव किया। खास बात यह है जलसंकट के इस दौर में मशीन में वेस्ट वाटर का उपयोग किया गया। छिड़काव लगातार करने के निर्देश दिए है।
-अभिलाष मिश्रा, निगमायुक्त

जानिए एक्यूआई को
हवा की स्वच्छता और शुद्धता को मापने के लिए केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने २०१७ में एक्यूआई की शुरुआत की थी। इसमें पीएम 2.5, पीएम 10 को मापा जाता है। इसे छह स्तर पर देखा जाता है।

क्रमांक AQI स्तर वायु गुणवत्ता
1 0–50 अच्छा
2 51–100 संतोषजनक
3 101–200 मध्यम
4 201–300 खराब
5 301–400 बहुत खराब
6 401–500 गंभीर श्रेणी

 

250 वाहनों ने 1 हजार ट्रिप लगाकर समेटा 600 टन कचरा, यह रोजाना से दोगुना है

आधी रात को सड़क पर उतरा निगम का अमला, चकाचक कर दी सड़क

उज्जैन। दिवाली की रात (8 नवंबर) छह घंटे में सफाई मित्रों ने 250 वाहनों की 1 हजार ट्रिप के जरिये 600 टन कचरा उठाकर शहर चकाचक कर दिया। इस रात निकला कचरा रोजाना निकलने वाले कचरे से दोगुना था। निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा खुद रात २ बजे सफाई व्यवस्था देखने निकले। इस बीच उन्होंने लोगों से ओटले पर बैठकर संवाद कियाद्ध

दरअसल, अपने घर को चकाचक रखने वाले लोग शहर को गंदा करने में कोई कसर नहीं छोड़ते। दिवाली की रात ऐसा ही हुआ। गलियों से लेकर शहर के प्रमुख मार्ग, चौराहों तक गंदगी फैली थी। शहर को गंदगी से मुक्त करने के लिए रात 2 बजे नगरनिगम की टीम मैदान में उतर गई। करीब 2 हजार सफाईकर्मियों ने अपना काम शुरू किया, डंपर, ट्रैक्टर ट्रॉली, छोटी गाडिय़ों से कचरा उठाना शुरू किया। 250 वाहनों ने 1000 ट्रिप लगाई और करीब 600 टन कचरा एकत्र किया।

मालीपुरा में लोगों से संवाद
सफाई व्यवस्था देखने निकले निगमायुक्त ने मालीपुरा में ओटले पर बैठकर नागरिकों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था का फीड बैक भी लिया।

रोजाना से दोगुना कचरा छह घंटे में उठाया
शहर से रोजाना करीब 300 टन कचरा निकलता है। दिवाली की रात यह मात्रा करीब 600टन थी। 250 छोटे-बड़े वाहनों की 1000 ट्रिप के जरिये यह कचरा उठाया गया। सफाई मित्र और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने शानदार काम किया।
-अभिलाष मिश्रा, निगमायुक्त

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें