महाकाल मंदिर का ध्वज बदला, पुलिस लाइन में ठांय-ठांय

दशहरा पर्व : उत्सव में डूबा शहर, रंगत के बीच आरएसएस के विद्यार्थी पथ संचलन निकले, प्रतिष्ठान सजे
शाम दशहरा मैदान और कार्तिक मेला ग्रांउड में जलेंगे रावण के पुतले
उभरते क्रिकेटर ऋतिक परब को मिलेगा पहली बार शुरू हो रहा ओम अमरनाथ खत्री सम्मान
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। अश्विन मास के शुक्ल पक्ष की दशमी पर शहर दशहरा पर्व के उत्सव में डूबा हुआ है। उत्सव की रंगत तड़के से श्री महाकालेश्वर मंदिर में बाबा महाकाल का श्रीराम रूप शृंगार से हुई। सुबह ही मंदिर शिखर का ध्वज बदला गया। १०० साल पुराने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के बाल स्वयंसेवकों ने जगह-जगह से पथ संचलन निकाले।
प्रतिष्ठानों और दुकानों की विशेष साज-सज्जा के बीच पुलिस लाइन और क्षत्रिय परिवारों में शस्त्र पूजन हुआ। नगरनिगम, वाहन मालिकों ने व्हीकल के पूजन किए। शाम को दशहरा मैदान और कार्तिक मेला ग्राउंड में रावण के पुतले जलाए जाएंगे। इस मौके पर उभरते क्रिकेटर ऋतिक परब को पहला ओम अमरनाथ खत्री सम्मान दिया जाएगा।
श्री महाकालेश्वर मंदिर मेंं सुबह दशहरे पर पूजन हुआ और विशेष शृंगार किया गया। फिर महानिर्वाणी अखाड़े और मंदिर के गादीपति महंत विनीत गिरि जी ने पहले ध्वज पूजन किया। उस पर स्वास्तिक बनाया और फिर इसे रस्सी के सहारे शिखर पर चढ़ाया गया।
पुलिस लाइन में शस्त्र पूजन
पुलिस लाइन में एडीजी राकेश गुप्ता, डीआईजी नवनीत भसीन, एसपी प्रदीप शर्मा के साथ जनप्रतिनिधियों ने भी शस्त्र पूजन किया। उन्होंने भूरा कद्दू काटकर पूजन की शुरुआत की। फिर बाहर आकर शस्त्रों पर हाथ आजमाए गए। इस दौरान फायर भी किया गया।
घर और प्रतिष्ठानों पर भी पूजन
दशहरे पर घर और प्रतिष्ठानों पर भी पूजन हुआ । क्षत्रिय परिवारों में शस्त्र और वाहनों की पूजा की गई। अन्य लोगों ने भी अपने वाहनों का पूजन किया। नगरनिगम वर्कशॉप में निगमायुक्त अभिलाष मिश्रा ने वाहनों पूजन की परंपरा निभाई। हालांकि इस मौके पर एक भी जनप्रतिनिधि की उपस्थिति नहीं देखी गई।
दशहरा और कार्तिक मेला मैदान में पुतला दहन की तैयारी पूरी, आतिशबाजी से सजेगी शाम
उज्जैन। शहर के सबसे पुराने 63वें स्व. ओम अमरनाथ स्मृति दशहरा महोत्सव में दशहरा मैदान पर १०१ फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। इस दौरान क्रिकेटर ऋतिक परब को पहला ओम अमरनाथ सम्मान प्रदान करेंगे। शाम 7 बजे दशहरा मैदान पर होने वाले कार्यक्रम में परब को 1 लााख रुपए की रशि दी जाएगी। दशहरा उत्सव समिति के संरक्षक शिवा ओम खत्री ने बताया कि ऋतिक नेे बीसीसीआई की विजय मर्चेंट ट्रॉफी में 43 विकेट लेकर नेशनल क्रिकेट एकेडमी के लिए चुना गए हैं।
आतिशबाजी के बीच जलेगा 101 फीट ऊंचा पुतला: दशहरा मैदान पर आतिशबाजी के बाद 101 फीट ऊंचे पुतले का दहन किया जाएगा। पुतला रामलखन सिंह कहार ने बनाया है।आतिशबाजी का संयोजन देवास के रशीद खान और ग्वालियर के सीताराम ने किया है।
कार्तिक मेला मैदान में भी 101 फीट ऊंचे रावण का दहन
का र्तिक मेला प्रांगण में 43वें विजयादशमी महोत्सव में 101 फीट ऊंचे रावण के पुतले का दहन किया जाएगा। आकाशीय आतिशबाजी के माध्यम से समिति के दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
विजयादशमी महोत्सव समिति के सचिव चेतन प्रेमनारायण यादव ने बताया कि समिति के प्रमुख सदस्य माया राजेश त्रिवेदी, रामप्रसाद सारवान पहलवान और गोपाल यादव पहलवान का इस साल आकस्मिक निधन हुआ है। ऐसे में आकाशीय आतिशबाजी के माध्यम से दिवंगत सदस्यों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। स्वर्गीय प्रेमनारायण यादव और स्वर्गीय राम भैया यादव की स्मृति में होने वाले आयोजन में 101 फीट ऊंचे राजा की वेशभूषा से सुसज्जित रावण का निर्माण राम लखन के निर्देशन में किया गया है। परंपरानुसार भगवान राम लक्ष्मण की सवारी और देवगुरु बृहस्पति महाराज की पालकी कार्तिक मेला प्रांगण में पहुंचने पर अतिथि पालकी पूजन करेंगे। फिर धर्मगुरुओं का सम्मान होगा।
कल 3 जगह पुतला दहन
बुधवार को भी शहर मे रावण के पुतले जलाए जाएंगे। शास्त्रीनगर, सिद्धवट और डालडा फैक्टरी में यह पुतले शाम को अलग-अलग समय में जलाए जाएंगे।
आज शहर में सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा और महाकाल सवारी, इन मार्गों पर शाम के समय जाने से बचें
उज्जैन। सत्य सनातन स्वाभिमान यात्रा और महाकाल सवारी को लेकर आज शहर में यातायात का भारी दबाव रहेगा। ऐसे में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इन जगहों पर आप यात्रा और सवारी के दौरान जाने से बचें।
इन मार्गो पर नहीं जाएंगे वाहन
महाकाल सवारी के कारण प्रभावशाली व्यवस्था के तहत इन मार्गो से वाहन डायवर्ट रहेंगे।
- हरिफाटक चौराहा, हरिफाटक टी तरफ।
- कमरी मार्ग से गोपाल मंदिर तरफ।
- तेलीवाड़ा चौराहे से कंठाल तरफ।
- इंदौरगेट से दौलतगंज चौराहा तरफ।
- कोयला फाटक चौराहा से चामुंडा माता चौराहा तक।
- सेठी बिल्डिंग से टॉवरचौक तक।
- ऐरन अस्पताल से घासमंडी चौराहे तक।
- पुलिस ऑफिसर्स मैस से एलआईसी तिराहे तक।
- स्वीमिंग पूल से तीन बत्ती चौराहे तक।
- सिंधी कॉलोनी से तीन बत्ती चौराहा।
- लोति स्कूल तिराहा से धन्नालाल चाल की तरफ।
यहां पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे
- उज्जैन पब्लिक स्कूल से दशहरा मैदान तक।
- रेमंड शोरूम से दशहरा मैदान तक
- सुराना पैलेस से दशहरा मैदान तक।
- जिला पंचायत कार्यालय से दशहरा मैदान तक
भारी वाहनों के लिए यह रहेगा डायवर्शन
- पाइप फैक्टरी चौराहे से भरतपुरी तरफ बस-ट्रक नहीं आएंगे।
- नानाखेड़ा चौराहे से तीन बत्ती चौराहे तक भी नहीं आएंगे।
- पंडयाखेड़ी चौराहे से फ्रीगंज की ओर भारी वाहन पूर्णत बंद रहेंगे।
- मंडी गेट चौराहे से चामुंडा माता चौराहा तक भारी वाहन नहीं आएंगे।
- हरिफाटक चौराहा से हरिफाटक टी तक सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे।









