सोशल मीडिया रील देखकर खोज लिया सवारी में गुम हुआ मोबाइल

राजसी सवारी में गुम हुए 15 लोगों के मोबाइल पुलिस ने लौटाए
उज्जैन। राजसी सवारी देखने पहुंचे 15 लोगों के गुम मोबाइल महाकाल थाना पुलिस ने 15 लोगों को लौटाए। इसमें एक युवती ने सोशल मीडिया पर रील देखकर अपना मोबाइल तलाशा।
नानाखेड़ा की रहने वाली ज्योति मारू ने बताया कि वह राजसी सवारी देखने कंठाल चौराहा पहुंची थीं। पालकी दर्शन के दौरान मोबाइल गुम हो गया। कोतवाली थाने मेंं मोबाइल गुम की शिकायत दर्ज कराई। सोशल मीडिया पर राजसी सवारी के वीडियो देखे जिनमें रस्सा पार्टी में शामिल पुलिस जवान ने मोबाइल उठाता दिखा। पुलिस विभाग में पदस्थ रिश्तेदार को उस पुलिसकर्मी का फोटो दिखाकर पहचान की। संपर्क करने पर उस पुलिस जवान ने लावारिस मोबाइल महाकाल थाने में जमा करने की बात कही। ज्योति मंगलवार सुबह महाकाल थाने पहुंची और मोबाइल वापस ले लिया।
महाकाल थाना एचसीएम अल्केश पंड्या ने बताया कि पुलिसकर्मी और आमजन ने 15 लावारिस मोबाइल थाने में जमा कराए थे। लोगों के इन मोबाइल पर कॉल आए तो उन्हें जानकारी दी कि आपका मोबाइल थाने में जमा है। मोबाइल मालिक पहचान बताकर मोबाइल ले गए हैं।
कार्ड का झांसा दे बैंककर्मी से 1 लाख की ठगी
मोबाइल में साफ्टवेयर खुलवाया और पिनकोड दर्ज कराया
उज्जैन। ऑनलाइन कार्ड डाउनलोड कराने की बात में उलझाकर सायबर ठगों ने बैंक कर्मचारी के साथ एक लाख रुपए की ठगी की।
माधवनगर पुलिस ने बताया कि प्रीतमपाल सिंह तंवर निवासी जिनेेंद्र विहार कॉलोनी ओरा पार्क प्राइवेट बैंक में कर्मचारी है। उनके मोबाइल पर 3 सितंबर को अनजान व्यक्ति का कॉल आया। उसने कहा कि एयू बैंक का कार्ड आपके मोबाइल पर अपलोड किया है। वे बातों में उलझ गए और मोबाइल में गेट एयू एप खोली। कॉल करने वाला कार्ड डाउनलोड की प्रक्रिया बताता रहा इस दौरान ठग ने प्रीतम के खाते से दो बार में एक लाख रुपए निकाल लिए। जैसे ही प्रीतम को इसकी जानकारी लगी उन्होंने एप अनइंस्टॉल किया और 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।









