महिला यात्रियों के कटर से काटते से सोने के कंगन, महाराष्ट्र के चार फ्रीगंज से पकड़े गए

6 कंगन जब्त किए, कंगनों का वजन 69 ग्राम, कीमत 9.5 लाख रुपए
उज्जैन। ट्रेनों में महिला यात्रियों के कटर से काट कर कंगन चुराने वाली गैंग के चार आरोपियों को जीरो पाइंट ब्रिज के पास से जीआरपी ने पकड़ा। चारों आरोपी महाराष्ट्र के ठाणे जिले के अंबरनाथ के रहवासी हैं। पूछताछ के बाद आरोपियों के पास से 6 कंगन और चार कटर जब्त किए हैं। जब्त सोने की कीमत 9.5 लाख रुपए है। बीते एक पखवाड़े में काछीगुड़ा एक्सप्रेस, इंदौर-खड़की एक्सप्रेस, नर्मदा एक्सप्रेस तथा नागदा-इंदौर ट्रेनों मेें महिलाओं के सोने के कंगन चुराने की चार वारदातें हुई थीं।
जीआरपी टीआई सुनील गुप्ता ने बताया आरोपी अभिजीत उर्फ अभि पिता जीतू पंवार (28) निवासी बांद्रा हनुमान मंदिर, हुसैन पिता इब्राहिम शेख (45), कुणाल पिता सुनील गायकवाड (33) दोनों निवासी हाउसिंग बोर्ड अंबरनाथ, नरेश पिता विनायक गायकवाड (34) निवासी लाड़ी नाका अंबरनाथ को गिरफ्तार कर सोने के 6 कंगन और 4 कटर जब्त किए हैं।
सीसीटीवी कैमरे से मिला सुराग
टीआई के मुताबिक उन्होंने आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र यादव के साथ मिलकर ट्रेनों के अंदर के सीसीटीवी फुटेज देखे। जिससे संदिग्धों की पहचान हुई। आरोपियों को पकडऩे के लिए टीम बनाई और मुखबिर से सूचना मिलने पर जीआरपी एसआई बचानीलाल तिवारी, आरक्षक भूपेंद्रसिंह, संतोष सिंह, करतार यादव, मनोजसिंह परिहार, आरक्षक राहुल राजपूत, दिलीप लोधी, अनूप नारोलिया, राजेश पाटीदार, आनंद पूनम डाबी, आरपीएफ के प्रधान आरक्षक बुद्धसिंह हुड्डा, मनिराम मीणा, आरक्षक लखनलाल सैनी, नंदसिंह को जीरो पाइंट ब्रिज पर भेजा। टीम ने घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने चार वारदात कबूल की। टीआई ने बताया सभी आरोपी आदतन अपराधी हैं। आरोपियों के खिलाफ महाराष्ट्र में चोरी संबंधित अपराध दर्ज हैं।









