नीलगंगा थाने के पास में ही 4 चार वाहनों के कांच फोड़े

शहर में एक बार फिर गुंडे-बदमाशों ने आतंक मचाकर पुलिस को दे दी चुनौती
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
बेखौफ बदमाशों ने अशोक नगर में भी घर और दुकान पर किया पथराव, रात में हुईं दोनों वारदातें

अक्षरविश्व न्यूज| उज्जैन। शहर के गुंडे बदमाशों ने पुलिस को चुनौती देते हुए एक बार फिर आतंक मचाने का दुस्साहस किया है। इस बार नीलगंगा थाने के पास ही चार वाहनों के कांच फोड़ दिए। रात में हुई इस वारदात के वक्त रात्रि गश्त पर कोई पुलिसकर्मी मौजूद नहीं था। इसी का फायदा बदमाशों ने उठाया। इसी प्रकार की एक वारदात अशोक नगर में भी हुई है। जिसकी रिपोर्ट माधव नगर थाने में दर्ज कराई गई है।
पिछले दिनों पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में पुलिस ने चाकूबाजों के खौफ को खत्म करने के लिए ढोल नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला था। कतिपय पुलिसकर्मियों की लापरवाही की वजह से यह कार्रवाई विवादित हो गई। इसका नतीजा अब वाहनों में तोडफ़ोड़ के रूप में सामने आ गया है।
केशव नगर हरिफाटक ब्रिज के नीचे रहने वाले पुनीत जैन ने बताया कि देवउठनी ग्यारस का पूजन कर रात 12 बजे बाद तक घर के बाहर परिवारजनों के साथ पटाखे जलाए थे। इसके बाद सभी लोग सोने चले गए। सुबह देखा तो घर के बाहर खड़ी कार के पीछे व आगे से कांच फूटे हुए थे। बड़ा पत्थर ड्रायवर सीट पर पड़ा था। उन्होंने बताया कि पत्थर इतनी तेजी से मारा गया था कि पीछे के कांच को फोड़ते हुए आगे के कांच को भी डैमेज कर गया।
View this post on Instagram
यहीं रहने वाले राजीव जैन ने बताया कि घर के बाहर उनकी क्वालिस और वर्ना कार खड़ी थी। दोनों वाहनों के कांच भी अज्ञात बदमाशों ने फोड़ दिए थे। इसी कालोनी के ठीक सामने रहने वाले बंटी वर्मा ने बताया कि उसकी ई रिक्शा के कांच भी बदमाशों ने पत्थर मारकर फोड़े हैं। घटना रात 2 बजे बाद की है। इस दौरान सभी लोग घरों में सो रहे थे। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज चैक किए जिसमें कुछ स्पष्ट नजर नहीं आ रहा है। पुनीत ने नीलगंगा थाने पहुंचकर शिकायती आवेदन दिया है।
दीपावली पर लगाई थी आग
अमृत बैंडवाल ने बताया कि संतोष ललावत की मेन रोड पर अटाले की दुकान है। दीपावली की रात उक्त बदमाशों ने पटाखा फेंककर दुकान में आग लगा दी थी। मंगलवार रात वारदात को अंजाम देेते हुए बदमाश कह रहे थे कि पुलिस हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकती। थाने पर हमारी बंदी बंधी हुई है।
पथराव से मां-बेटियां दहशत में, कैमरा भी ले गए
अशोक नगर में रहने वाले मीडियाकर्मी अमृत बैंडवाल ने माधव नगर पुलिस को बताया कि रात 11 बजे के आसपास घर में उनकी पत्नी पिंकी बैंडवाल, बेटियां जयश्री, यशस्वी, पूर्वी घर में थे। उसी दौरान क्षेत्र में गुंडागर्दी करने वाले रोहित जाटवा, जीतू ठाकुर, राम व उनके दो अन्य साथी मोटर साइकिलों पर सवार होकर आए। घर के बाहर वाहन रोककर पत्थरबाजी की। गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घर के बाहर खड़ी बाइक से डेढ़ लाख रुपए का कैमरा, दो आईडी ले गए। बाहर खड़ी कार पर पत्थर बरसाए और चारों तरफ के कांच फोड़े। इसके बाद बदमाशों ने संतोष ललावत, सुनील ललावत की दुकान पर हमला बोला और तोडफ़ोड़ की।
इनका कहना है
वाहनों में तोडफ़ोड़ का आवेदन प्राप्त हुआ है। सीसीटीवी की मदद से बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। तरुण कुरील, टीआई थाना नीलगंगा
मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। बदमाशों के सीसीटीवी फुटेज मिले हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम को रवाना किया गया है।-राकेश भारती, टीआई थाना माधवनगर









