अनाज व्यापारी ने सल्फास खाया इलाज के दौरान दम तोड़ दिया

दोस्त लेकर पहुंचा था अस्पताल, पुलिस मौत का कारण जानने में जुटी

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। देवासगेट क्षेत्र के सरदारपुरा में रहने वाले अनाज व्यापारी ने बुधवार को अज्ञात कारणों के चलते सल्फास खा लिया। गंभीर हालत में दोस्त चरक अस्पताल लेकर पहुंचा जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। फिलहाल व्यापारी ने खुदकुशी क्यों की, पुलिस इसका कारण जानने की कोशिश में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक मृतक का नाम नीलेश पिता नंदकिशोर पाटीदार (24) निवासी सरदारपुरा है। उसे चरक अस्पताल लेकर पहुंचे दोस्त अभिषेक लड्ढा ने बताया कि नीलेश अनाज का व्यापार करता था और दूधतलाई में महाकाल ट्रेडर्स के नाम से उसकी दुकान है। बुधवार दोपहर करीब १.३० बजे वह दुकान से घर जाने के लिए निकला था और इसी बीच उसने सल्फास खा लिया। इसके बाद वह घर पहुंचा। मैंने उसे मिलने के लिए फोन लगाया तो वह रास्ते में उल्टियां करता हुआ मिला और कहा कि उसने सल्फास खा लिया है। मैं तत्काल उसे लेकर चरक अस्पताल पहुंचा जहां इलाज के दौरान शाम को उसकी मौत हो गई। उसने ऐसा जानलेवा कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं है। देवासगेट पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।
दोस्तों को यकीन नहीं हो रहा
नीलेश अविवाहित था और घर में मम्मी-पापा के अलावा छोटा भाई है। दोस्तों ने कर्ज होने जैसी बात से भी इंकार किया है। उन्हें यकीन ही नहीं हो रहा कि हमेशा खुशमिजाज रहने वाला उनका दोस्त अब उनके इस दुनिया में नहीं रहा, जबकि परिवार भी बेटे की मौत से सदमे में है।









