खुद को बताते थे महिदपुर का रंगबाज, पुलिस ने उतारी रंगदारी

बदमाशों पर दर्ज हैं हत्या के प्रयास, आम्र्स एक्ट और छेड़छाड़ जैसे कई गंभीर मामले

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। खुद को महिदपुर का दादा-पहलवान (रंगबाज) बताकर लोगों से रंगदारी वसूलने वाले दो बदमाश पुलिस के हत्थे चढ़ गए। फिर क्या था पुलिस ने जब उनकी रंगदारी उतारी तो वे रहम मांगते रहे और गिड़गिड़ाते रहे।
14 जून को जवाहर मार्ग महिदपुर के रहने वाले फरियादी से इन आरोपियों ने हफ्ता मांगा था। फरियादी ने पैसे देने मना किया तो दोनों ने लोहे के पाइप से उस पर जानलेवा हमला कर दिया और धमकी दी। पुलिस ने आरोपी अब्दुल वहाब पिता मुजम्मिल (27 ) और शाहनवाज उर्फ गोलू पिता कासम (27) दोनों निवासी नगीना मस्जिद के पास, फकीर मोहल्ला महिदपुर को गिरफ्तार कर लिया। घटना में इस्तेमाल हथियार भी जब्त कर लिया है। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया। यहां से उपजेल महिदपुर भेज दिया है। केस के 2 आरोपी फिलहाल फरार हैं।
दर्ज हैं कई गंभीर मुकदमे
आरोपी आदतन अपराधी हैं। वहाब के खिलाफ 9 गंभीर अपराध दर्ज हैं। इनमें हत्या का प्रयास हफ्ता वसूली, बलवा, चोरी, गाली-गलौज, मारपीट और आम्र्स एक्ट जैसे मामले शामिल हैं। शाहनवाज उर्फ गोलू भी कम नहीं है। उस पर 7 अपराध दर्ज हैं। इनमें मारपीट, जान से मारने की धमकी और छेड़छाड़ के संगीन मामले दर्ज हैं।









