Popup Image

दोस्त से बोला- आज निपटा दूंगा, फिर कमरे से आने लगीं चीखें

तलाक का केस कोर्ट में चल रहा था, वारदात से पहले दोस्त से कहा था- आज पत्नी को निपटा दूंगा; पुलिस को तीसरे हमलावर की कहानी बताकर गुमराह करने की कोशिश

Advertisement

खंडवा। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के किशोर नगर में गुरुवार शाम घरेलू विवाद के चलते पति ने पत्नी की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। आरोपी ने पत्नी को बेडरूम में बंद कर उस पर चाकू से कई वार किए। जान बचाने के लिए महिला कमरे में इधर-उधर भागती रही और बचाओ-बचाओ चिल्लाती रही, लेकिन आरोपी ने हमला जारी रखा। गंभीर रूप से घायल महिला ने दम तोड़ दिया। घटना में पति भी घायल हुआ है और उसका मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मोघट रोड पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान पूजा बाकोरे और घायल पति की पहचान अजय बाकोरे के रूप में हुई है। दोनों ने करीब 10 साल पहले लव मैरिज की थी। पिछले 5 साल से उनके बीच विवाद चल रहा था। तलाक का केस भी कोर्ट में विचाराधीन था। दोनों का 8 साल का बेटा है।

Advertisement

वारदात से पहले दोस्त से कहा- आज पत्नी को मार डालूंगा

अजय के दोस्त प्रवीण कुमार ने पुलिस को बताया कि वारदात से पहले वह मार्केट में अजय से मिला था। दोनों ने शनि मंदिर गेट पर शराब पी। इसी दौरान अजय ने उसे चाकू दिखाते हुए कहा कि आज वह अपनी पत्नी को मार डालेगा।

Advertisement

प्रवीण ने बताया कि उसे अजय की बात पर भरोसा नहीं हुआ, क्योंकि उसके मुताबिक अजय ने आज तक चींटी तक नहीं मारी थी। इसके बाद अजय ने उसे फोन कर घर बुलाया और बताया कि उसे चाकू लगा है।

कमरे से आ रही थीं बचाओ-बचाओ की आवाजें

प्रवीण जब अजय के घर पहुंचा तो उसने गेट खोला। अंदर कमरे से चीखने और बचाओ-बचाओ की आवाजें आ रही थीं। गेट खुलने के बाद पूजा और अजय दोनों खून से लथपथ हालत में बाहर निकले। इसके बाद प्रवीण और आसपास के रहवासियों ने पुलिस को सूचना दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूजा जान बचाने के लिए करीब 100 मीटर तक भागी और मदद के लिए चिल्लाती रही। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बच सकी।

पुलिस को सुनाई तीसरे हमलावर की कहानी

पुलिस के अनुसार, अजय ने शुरुआत में बताया था कि किसी तीसरे व्यक्ति ने उसे और पूजा को चाकू मारा और मौके से फरार हो गया। हालांकि, पुलिस को उसकी कहानी पर संदेह है। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि उसने खुद को भी चाकू मारकर किसी तीसरे हमलावर की झूठी कहानी बनाई, ताकि जांच को गुमराह किया जा सके।

कमरे में खून फैला, टीवी और सामान बिखरा मिला

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया तो बेडरूम में खून फैला हुआ था। टीवी समेत अन्य सामान बिखरा पड़ा था। पुलिस टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।

रहवासियों ने बताया कि बंद कमरे में पति-पत्नी के बीच विवाद हो रहा था। पूजा की चीखें सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए थे। महिला सरपंच ने भी दोनों को लहूलुहान हालत में देखने के बाद पुलिस को सूचना दी थी।

15 मिनट में पहुंची पुलिस, अस्पताल में पूजा को मृत घोषित किया

सूचना मिलने के करीब 15 मिनट में पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। यहां डॉक्टरों ने पूजा को मृत घोषित कर दिया, जबकि अजय का इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

📢 पूरी खबर पढ़ने के लिए

बेहतर अनुभव के लिए ऐप का उपयोग करें

ऐप में पढ़ें
ऐप खोलें
ब्राउज़र में जारी रखें