हे महाकाल…यहां ‘सावन का अंधा’ कौन?

मंदिर के सामने चौड़ी रोड, लेकिन शिखर दर्शन करने पैदल जाना दूभर
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
इस सावन प्रशासन क्यों न कर ले ये नेक काम…
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। सावन के अंधे को हरा ही हरा दिखाई देता है… लेकिन महाकाल मंदिर के ठीक सामने पूर्व दिशा में चौड़ी रोड पर ई रिक्शा और ठेलों का जमघट किसी जिम्मेदार अफसर को दिखाई क्यों नहीं देता? रोड चौड़ी है, यहां से शिखर दर्शन करना भी आसान है लेकिन पैदल जाना भी दूभर। इस सावन प्रशासन क्यों न इस रोड को सुंदर बनाकर एक नेक काम कर ले?ये सवाल उन भक्तों के हैं, जो महाकाल मंदिर के शिखर दर्शन करने जाते हैं, लेकिन मंदिर के सामने से गुदरी चौराहा और नीलकंठ द्वार रोड चौराहे तक बीच में ई रिक्शा, ठेले और धार्मिक सामग्री बेचने वाले फुटकर व्यापारियों के कारण चौड़ा रोड भी बेहद संकरा और अस्त व्यस्त हो जाता है।
दो तीन साल से यही हालात हैं, लेकिन कोई जिम्मेदार अफसर इस रोड के न अतिक्रमण हटा पा रहा न उसे सुंदर बना पा रहा। मध्यप्रदेश सरकार महाकाल मंदिर क्षेत्र को सुंदर बनाने पर अपनी पूरी ताकत लगा रही, करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे लेकिन अफसरशाही मंदिर के मुख्य द्वार की सडक़ को भक्तों के लिए साफ और सुंदर नहीं बना पा रही। सावन माह की तैयारी जोर शोर से की जा रही है लेकिन इस सडक़ को अतिक्रमण और अव्यवस्था से कब मुक्ति मिलेगी, इसको लेकर सभी भक्त सवाल उठा रहे हैं।
आखिर ई-रिक्शा का स्टैंड कैसे बन रही महत्वपूर्ण रोड?
मंदिर के सामने की इस महत्वपूर्ण रोड पर रात्रि के समय ई रिक्शा खड़े कर दिए जाते हैं। सुबह यह रोड ई रिक्शा का स्टैंड जैसी दिखाई देती है। भक्तों का सवाल है कि इस रोड पर ई रिक्शा का स्टैंड कैसे बन सकता है।
यह हो सकता है समाधान
गुदरी चौराहा (नीलकंठ द्वार, तोपखाना रोड और गोपाल मंदिर रोड जंक्शन) पर ट्रैफिक ब्लॉक न हो।
गुदरी चौराहा से महाकाल मंदिर के शिखर के सामने तक सिर्फ पैदल दर्शनार्थियों का आवागमन तय हो।
मार्ग के बीच मंदिर की जानकारियों से संबंधित महत्वपूर्ण सूचनाएं और जानकारियों के आकर्षक बोर्ड लग सकते।
सुंदर लाइटिंग कर पूरी रोड को आकर्षक बनाया जा सकता है।
अधिकारियों से बात करूंगी
महाकाल मंदिर के सामने की रोड सुंदर और व्यवस्थित होना चाहिए। अभी मैं हरियाणा में एक कार्यशाला में आई हूं। वहां से लौटकर अधिकारियों से बात कर प्रयास किया जाएगा।
कलावती यादव अध्यक्ष नगर निगम
अतिक्रमण हटाया जाएगा
महाकाल मंदिर तक आवागमन को सुगम बनाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। रोड पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार की जा रही। सभी विभागों के समन्वय से यह काम आसानी से हो सकेगा। ई रिक्शा पर नियंत्रण का काम ट्रैफिक पुलिस का है।
आशीष पाठक, आयुक्त नगर निगम
स्टे के कारण मकान अब भी राह में और भक्तों की राह संकरी
4 नंबर गेट की ओर जाने वाला मार्ग चौड़ा करने की तैयारी
महाकाल मंदिर के सामने कोर्ट स्टे के कारण कई मकान अब भी चौड़ीकरण की राह में खड़े हैं, जिससे महाराजवाड़ा हेरिटेज होटल के सामने से चार नंबर गेट की ओर जाने वाला मार्ग संकरी गली बना हुआ है। प्रशासन ने इसे अब इसके चौड़ीकरण की तैयारी कर ली है।
बुधवार को कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने स्मार्ट सिटी और नगर निगम अधिकारियों को इसके निर्देश दिए हैं। करीब दो साल पहले चौड़ीकरण की यह कवायद की गई थी और शिखर के सामने से अतिक्रमण भी हटाए थे, लेकिन बाद में यह अभियान ठंडा पड़ गया। इससे चार नंबर गेट की तरफ जाने वाला मार्ग बेहद संकरा हो गया है।
कलेक्टर सिंह को अधिकारियों ने बताया स्टे हटाने की न्यायालयीन प्रक्रिया को आगे बढ़ाकर यह मार्ग भी चौड़ा किया जाए। निगम आयुक्त आशीष पाठक ने बताया इसके लिए पिटिशन लगाई जाएगी। भारतमाता मंदिर की तरफ जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण कर सीमेंट कांक्रीट का काम किया जा रहा है। श्रावण मास करीब आते ही प्रशासन महाकाल मंदिर क्षेत्र में भीड़ प्रबंधन को लेकर एक्टिव हो गया है। बुधवार को कलेक्टर ने नगर निगम के विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और महाकाल मंदिर के सामने रोड के हाल देखे। महाराजवाड़ा की ओर जाने वाले संकरे मार्ग को चौड़ा करने का निर्देश भी अधिकारियों को दिया।
निगम ने पहले रोड चौड़ीकरण के लिए मकानों को आनन फानन में हटाया था, लेकिन रहवासियों के विरोध और कई भवन स्वामियों को कोर्ट से स्टे ऑर्डर मिल गए। श्रावण मास में भीड़ अधिक होने पर इससे समस्याएं हो सकती हैं। इसके चलते प्रशासन दोनों तरफ के संकरे मार्ग को चौड़ा करने की तैयारी में जुट गया है। निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त आशीष पाठक व टाटा प्रोजेक्ट कंपनी के अधिकारी उपस्थित रहे।










