भीषण हादसा: एक टक्कर और आग का गोला बनी कार, अंदर फंसे 4 युवकों की मौत

धार/बदनावर। मध्य प्रदेश के धार जिले में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा बदनावर क्षेत्र में लेबड़-नयागांव फोरलेन पर सादलपुर और खेरोद के बीच एक ढाबे के पास रात करीब 11:30 बजे हुआ। यहां तेज टक्कर के बाद डिजायर कार में आग लग गई। कार में सवार चार युवक अंदर ही फंस गए और आग की चपेट में आने से उनकी मौत हो गई। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया।
पुलिया के डिवाइडर से टकराई कार, इंजन उखड़कर बाहर गिरा
जानकारी के अनुसार, पांचों दोस्त सागौर से सांवरिया सेठ के दर्शन करने गए थे। लौटते समय सादलपुर के पास उनकी कार पुलिया पर बने डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का इंजन उखड़कर बाहर जा गिरा और कार पुलिया से नीचे जा गिरी। इसके बाद कार में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया।
कार से बाहर गिरा एक युवक, चार अंदर ही फंसे
हादसे के दौरान एक युवक कार से बाहर गिर गया, जबकि चार युवक कार के अंदर फंस गए। आग तेजी से फैलने के कारण चारों युवक बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई। हादसे में घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर कर दिया गया।
चार मृतकों की हुई पहचान
हादसे में जान गंवाने वाले चारों युवकों की पहचान हो गई है। मृतकों में अंकुश उर्फ भीम (20), पिता विक्रम चौधरी; चेतन चौधरी (20), पिता जीवन चौधरी, दोनों निवासी धाकड़ धर्मशाला के पास, बड़ी सागौर; आदित्य उर्फ अनमोल तिवारी (19), पिता संतोष तिवारी, निवासी चौधरी मोहल्ला, बड़ी सागौर; और अभिषेक सोलंकी, पिता लक्ष्मण सोलंकी, निवासी सुहागपुर, सागौर शामिल हैं।
हादसे में तुषार मंडलोई (20), पिता मुकेश मंडलोई, निवासी माधोपुर, सागौर घायल हुआ है। उसे प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया।
फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग, पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे शव
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलाया, जिसके बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक कार बुरी तरह जल चुकी थी। पुलिस ने चारों मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए धार जिला चिकित्सालय भेज दिए। मामले में हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
शनिवार को दर्शन के लिए निकले थे पांचों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, पांचों दोस्त शनिवार, 24 अक्टूबर को पीथमपुर से दर्शन के लिए निकले थे। हादसे ने चार परिवारों को गहरा सदमा पहुंचाया है। बताया गया है कि तीन मृतकों के परिवार खेती-किसानी से जुड़े हैं, जबकि अभिषेक सोलंकी के पिता कारखाने में काम करते हैं। घायल तुषार मंडलोई के पिता भी किसान हैं।एक ही क्षेत्र के पांच दोस्तों की यात्रा का इस तरह दर्दनाक हादसे में बदल जाना स्थानीय लोगों और परिजनों के लिए गहरा दुख छोड़ गया है।









