मैदान में दौड़ लगा रहा 17 साल का लड़का अचानक गिरा, मौत

साइलेंट अटैक आने की आशंका
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
परिजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया
रतलाम में 17 साल के लड़के की अचानक मौत की घटना ने सबको हैरान कर दिया है। शहर के साइंस कॉलेज खेल ग्राउंड में सुबह रनिंग कर रहा था। दौड़ते-दौड़ते किशोर अचानक अचेत होकर जमीन पर गिर गया। साथी दोस्त लड़के को अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर इसे साइलेंट अटैक मानकर चल रहे हैं। बता दें कि किशोर आर्मी की तैयारी के लिए रोज सुबह दौड़ने जाता था।
घटना सोमवार सुबह आर्ट्स एंड साइंस कॉलेज के खेल ग्राउंड की है। बालाजी नगर में रहने वाला आशुतोष (17) पिता राधेश्याम कुमावत 5 से 6 दिन से लगातार ग्राउंड पर रनिंग करने जा रहा था। हर रोज की तरह सोमवार सुबह 5.30 बजे वह घर से अपने दोस्त निलेश के साथ वहां पहुंचा। यहां रनिंग करते हुए वह अचेत होकर गिर पड़ा।
आशुतोष के नीचे गिरने पर दोस्त व अन्य लोग उसे सुबह 6 बजे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। ड्यूटी पर मौजूद डॉ. पीयूष धवन ने उसके स्वास्थ्य की जांच की। सीपीआर भी दिया। परिजनों को सूचना मिलने पर वे भी अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बेटे की मौत से पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक आशुतोष घर का बड़ा बेटा था। वह शहर के ज्योति कॉन्वेंट स्कूल में 11वीं का स्टूडेंट था। उसके घर में माता-पिता और छोटा भाई 12 साल का आयुष है। पिता एमपीएसईबी में मजदूरी करते हैं। आशुतोष की अचानक हुई मौत से हर कोई हैरान है।
उसके स्वजन ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। इसलिए उसकी मौत का कारण पता नहीं चल पाया। देश के कई शहरों में अचानक लोगों की मौत होने के मामले सामने आए हैं और कई मामलों में हार्ट अटैक से मौत होना बताया गया है। इस कारण माना जा रहा है कि इसकी मौत भी हार्ट अटैक आने से हुई होगी।









