प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या…

मामले को दुर्घटना का रूप देने के लिए शव पर गाड़ी चढ़ाई, चार आरोपी गिरफ्तार
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज. उज्जैन/नागदा:जिले की नागदा तहसील क्षेत्र में एक सनसनी खेज घटना में एक महिला ने अपने प्रेमी की मदद से पति की चाकू मारकर हत्या कर दी और बाद में हत्या को दुर्घटना बताने के लिए मृतक के शव को वाहन से कुचलवा दिया। इसका खुलासा मृतक के पोस्टमार्टम के बाद हुआ। मामले में पुलिस ने हत्या के आरोप में चार आरोपियों को पकड़ा है।
उज्जैन जिले के नागदा तहसील के अंतर्गत ग्राम बिरियाखेड़ी में शुक्रवार देर रात को पुलिस ने सड़क पर एक मृत व्यक्ति के पड़े होने की सूचना के बाद शव को बरामद किया था। मृतक के पास से मिले मोबाइल से उसकी शिनाख्त अकबर पिता साबिर मंसूरी निवासी चेतनपुरा के रूप में हुई। प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने इस मामले को दुर्घटना का मानकर शव को पोस्टमार्टम के लिए शासकीय अस्पताल में पहुंचा दिया था। अस्पताल में दो डॉक्टरों की पैनल ने अकबर का पोस्टमार्टम किया तो पता चला उसकी चाकू मारकर हत्या की गई है।
इस पर पुलिस ने खोजबीन की तो जानकारी मिली कि अकबर की पत्नी नफीजा का महिदपुर रोड निवासी मुस्ताक से प्रेम प्रसंग है। अकबर की मौत से पहले दोनों साथ में थे। उनके मोबाइल कॉल डिटेल में भी बात करने का प्रमाण मिल गया। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को पकड़ा तो जानकारी मिली कि नफीसा के कहने पर मुश्ताक ने अकबर के सीने में चाकू से दो वार किए थे। अकबर की मौत के बाद दुर्घटना दर्शाने के लिए शव को वाहन से कुचलवा दिया। शव को ठिकाने लगाने में साथी शाहरुख और जितेंद्र ने भी मदद की थी। पूरी कहानी सामने आने के बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया तो उन्होंने भी सच्चाई कबूल कर ली।
टूटा मोबाइल मिला था
नागदा पुलिस के अनुसार स्टेट हाइवे नंबर 17 पर गांव बिरियाखेड़ी में एक अज्ञात युवक का शव मिला था। घटनास्थल से युवक का टूटा हुआ मोबाइल मिला। जिसकी सिम अन्य मोबाइल में डालकर काल किया, तो मृतक की पत्नी नफीजा ने काल अटैंड किया। नफीजा ने मृतक की शिनाख्त अकबर पुत्र साबिर मंसूरी के रूप में की।
प्रताडऩा का आरोप
मामला सामने आने के बाद नफीजा ने कुछ लोगों पर अकबर को प्रताडि़त करने का आरोप लगाया था। मृतक के पुत्र रफीक ने बताया कि 2 फरवरी की रात्रि में मेरे पिता के साथ घर पर आकर मारपीट की गई थी। पत्नी नफीजा ने पुलिस को बताया था। शुक्रवार की रात्रि में अकबर घर से खाना खाने के बाद एक-दो घंटे में आने की बात कहकर गया था, इसके बाद घर नहीं लौटा। जांचकर्ता अधिकारी लालसिंह डोडिया के अनुसार मृतक की रीढ़ की हड्डी टूटी हुई पाई गई, जबकि हाथ की कोहनी, पैर के घुटने, पंजे में गंभीर चोट के निशान मिले। युवक के पेट में चाकू के दो घाव भी नजर आए।