असम में ट्रेन के इंजन समेत 5 डिब्बे पटरी से उतरे, 50 घायल

वीडियो में लोको पायलट बोले- ब्रेक और सिग्नल काम नहीं कर रहे थे
गुवाहाटी। असम के कामरूप जिले में बुधवार सुबह बड़ा रेल हादसा हो गया। डिगारू रेलवे स्टेशन पर सुबह करीब 6:54 बजे कोलकाता-सैरंग एक्सप्रेस (13125) का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे में करीब 50 यात्री घायल हुए हैं। हालांकि, रेलवे ने सभी यात्रियों के सुरक्षित होने की जानकारी दी है। पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (एनएफआर) के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब ट्रेन को दूसरी लाइन पर ले जाया जा रहा था। दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के दौरान ट्रेन की गति कम नहीं हो सकी और वह दूसरी लाइन पर लगे बैरिकेड्स से टकरा गई। इंजन समेत पांच डिब्बे पटरी से उतर गए।
लोको पायलट का वीडियो आया सामने
हादसे के समय का करीब 45 सेकंड का वीडियो सामने आया है। इसमें लोको पायलट केबिन का अंदरूनी हिस्सा दिखाई दे रहा है। वीडियो में कंट्रोल पैनल, डिजिटल डिस्प्ले और अन्य उपकरण नजर आ रहे हैं। इस दौरान लोको पायलट की आवाज सुनाई देती है, जिसमें वह कह रहे हैं कि कुछ भी काम नहीं कर रहा है। सिग्नल फेल है और इमरजेंसी सिस्टम भी काम नहीं कर रहा।









