युद्ध विराम पर बोले- भारत ने अपनी ताकत दिखाई

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भगवान महाकाल के दरबार में

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस शनिवार को भगवान महाकाल के दरबार में पहुंचे। उन्होंने गर्भगृह में पहुुंचकर करीब २० मिनट तक सोला पहनकर पूजा-अर्चना की। संजय पुजारी और विकास पुजारी ने उनका पूजन संपन्न करवाया। इसके बाद नंदी जी के कान में मनोकामना कही और नंदी हॉल में बैठकर ध्यान भी लगाया। उज्जैन आने से पहले पहले भोपाल गए थे जहां मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ एक कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वे श्री महाकालेश्वर मंदिर पहुंचे।
दर्शन के बाद मीडिया से चर्चा करते हुए सीएम फडणवीस ने कहा कि मैं हमेशा महाकाल मंदिर आता हूं। चुनाव से पहले भी आया था लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद यहां नहीं आ पाया था। आज सीएम मोहन यादव के साथ सिंचाई समझौते पर हस्ताक्षर करने भोपाल आया था, इसके बाद भगवान महाकाल का आशीर्वाद लेने आया हूं। यहां से असीम ऊर्जा मिलती है।
सीजफायर अच्छी बात
भारत और पाकिस्तान के बीच शाम ५ बजे हुए सीजफायर के सवाल पर उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि सीजफायर हुआ है, मुझे इस बारे में जानकारी मिली है लेकिन पूरी जानकारी अभी मेरे पास नहीं है। उन्होंने कहा पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत मजबूती से उभरा है और अपनी ताकत दिखाई है।









