इंदौर को नए साल में मिलेगी दो नई इंटरनेशनल फ्लाइट

इंदौर के देवी अहिल्या बाई होल्कर एयरपोर्ट को जल्द ही एक और डायरेक्ट इंटरनेशनल फ्लाइट मिल सकती है। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। यह फ्लाइट इंदौर से बैंकॉक के लिए उड़ान भरेगी।
एयरलाइंस कंपनी ने एजेंट्स को मार्च अंत से नई उड़ान शुरू करने का आश्वासन दिया है। शुरुआत में इसे सप्ताह में तीन दिन चलाया जाएगा। एयरपोर्ट सूत्रों की माने तो इंडिगो और एयर इंडिया एक्सप्रेस दोनों ही एयरलाइंस इंदौर-बैंकॉक फ्लाइट शुरू करने की तैयारी में हैं।
दिसंबर में इंदौर आए केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राममोहन नायडू के सामने सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर-बैंकॉक और इंदौर-सिंगापुर डायरेक्ट फ्लाइट शुरू करने की मांग की थी। मंत्री ने भी इस संबंध में मौखिक सहमति दी थी। एयर इंडिया एक्सप्रेस बीते कुछ दिनों से इसकी तैयारियां कर रही है।
सब कुछ सही रहा तो मार्च अंत से लागू होने वाले समर शेड्यूल में इंदौर से नई उड़ान शुरू हो जाएगी। इंदौर से अभी एकमात्र इंटरनेशनल फ्लाइट शारजाह के लिए है, जो सप्ताह में चार दिन रहती है।









