उज्जैन के जाटवा को बनाया सह अधिकारी

भाजपा में संगठन चुनाव अधिकारी नियुक्त
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज:उज्जैन। भाजपा में सदस्यता अभियान के क्रम में सक्रिय सदस्यता के दौर के बीच संगठन अधिकारियों की टीम का गठन कर दिया गया है। इस टीम पर बूथ समितियों से लेकर मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष के चुनाव कराने की जिम्मेदारी होगी। पांच पदाधिकारी की टीम में उज्जैन के डॉ. प्रभुलाल जाटवा को सह चुनाव अधिकारी बनाया है। भाजपा संगठन चुनाव के राष्ट्रीय अधिकारी डॉ. के.लक्ष्मण ने मप्र में भाजपा संगठन चुनाव के लिए ग्वालियर के पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर को प्रदेश चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। प्रदेश उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक जीतू जिराती, विधायक अर्चना चिटनीस, प्रदेश मंत्री रजनीश अग्रवाल और उज्जैन के डॉ प्रभुलाल जाटवा को सह चुनाव अधिकारी नियुक्त किया है। यह चुनाव अधिकारी बूथ समितियों से लेकर मंडल अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष और प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव कराएंगे।
सक्रिय सदस्यता अभियान 31 तक
भाजपा सदस्यता अभियान दो चरणों में पूरा हो चुका है। फिलहाल सक्रिय सदस्यता अभियान जारी है,जो 31 अक्टूबर तक चलेगा। इसके बाद अब संगठन चुनाव की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। उसका कार्यक्रम अलग से घोषित किया जाएगा। सक्रिय सदस्यता अभियान के तहत 100 प्राथमिक सदस्य बनाने वाले को सक्रिय सदस्य बनाया जाएगा।
उज्जैन में 2.08 लाख सदस्य
भाजपा सदस्यता अभियान के दो चरण में उज्जैन दक्षिण, उज्जैन उत्तर में कुल 2.08 लाख सदस्य बनाकर प्रदेश में रिकॉर्ड बनाया है। भाजपा नगर महामंत्री सत्यनारायण खोईवाल ने बताया कि उज्जैन दक्षिण 01.18 लाख और उज्जैन उत्तर में 90 हजार नए सदस्य बनाए गए हंै। सक्रिय सदस्य बनाने का दौर चल रहा है।