महेश्वर: मध्यप्रदेश कैबिनेट में होंगे कई अहम फैसले
सीएम ने गुरुवार को शराबबंदी का ऐलान किया था
अक्षरविश्व न्यूज खरगोन। देवी अहिल्या बाई की 300वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में खरगोन के महेश्वर में आज मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक हो रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समेत अधिकतर मंत्री महेश्वर पहुंच चुके हैं। सीएम ने अहिल्या घाट पर नर्मदा दर्शन-पूजन किया और कैबिनेट बैठक में शामिल होने पहुंचे।
बैठक होटल नर्मदा रिट्रीट में हो रही है। इसमें सरकार शराबबंदी को लेकर बड़ा फैसला करने जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पहले ही प्रदेश के 17 धार्मिक शहरों में शराबबंदी करने के संकेत दे चुके हैं। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को नरसिंहपुर जिले में एक कार्यक्रम में 17 धार्मिक नगरों में शराबबंदी करने का ऐलान किया था। इस पर कैबिनेट में निर्णय होना तय माना जा रहा है। इसके अलावा देवी अहिल्याबाई के जीवन से जुड़े मसलों को लेकर भी कई योजनाओं को मंजूरी दी जा सकती है। कैबिनेट बैठक में मोहन यादव सरकार नई आबकारी नीति पर भी मुहर लगाएगी। शराबबंदी से होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई पर भी चर्चा होगी।
मुख्यमंत्री को भेंट की अहिल्या माता की तस्वीर
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के महेश्वर हैलीपेड पहुंचने पर प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, राजकुमार मेव ने स्वागत किया। उन्हें अहिल्या माता की तस्वीर भेंट की गई।
सीएम का प्रभारी मंत्री ने किया स्वागत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करीब 11:30 बजे महेश्वर हेलीपैड पहुंचे। यहां उनका प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग, सांसद गजेंद्र सिंह पटेल, धनेश्वर पाटिल, महेश्वर विधायक राजकुमार मेव, खरगोन विधायक बालकृष्ण पाटीदार समेत भाजपा जिला अध्यक्ष नंद ब्राह्मणी ने स्वागत किया। नर्मदा दर्शन-पूजन करने के बाद कैबिनेट बैठक में शामिल हुए।
मंत्री विश्वास सारंग पहुंचे
प्रभारी मंत्री विश्वास सारंग कैबिनेट बैठक के लिए महेश्वर आए हुए हैं। यहां उन्होंने मां अहिल्या के सुशासन और महिला सशक्तिकरण के साथ महेश्वर की तारीफ की। उन्होंने महेश्वर को विकसित करने का ऐलान भी किया।
दो वाहनों में पहुंचे 15 से ज्यादा मंत्री
महेश्वर में मध्यप्रदेश पर्यटन विकास निगम के होटल नर्मदा रिट्रीट से 15 से ज्यादा कैबिनेट मंत्री 2 विशेष वाहनों से आए। मंत्री गोविंद राजपूत ने महेश्वर पहुंचकर कहा, खुशी की बात है कि नए साल में मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट मीटिंग मां अहिल्या देवी की पवित्र नगरी महेश्वर में हो रही है। आज पूरी सरकार मां के चरणों में है।
उमा से लेकर शिवराज तक ले चुके शराबबंदी के फैसले
पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती, बाबूलाल गौर और शिवराज सिंह चौहान के कार्यकाल में प्रदेश के 17 शहरों को पवित्र धार्मिक शहर घोषित किया जा चुका है। यहां पवित्र नगरी के हिसाब से कई प्रतिबंध भी सरकार ने लगाने का फैसला किया। लेकिन इस पर अमल नहीं हो पाया है। अब एक बार फिर धार्मिक शहरों में शराबबंदी को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव फैसला करने वाले हैं।