लिव इन में रह रहे कुक की आधी रात को दूसरी मंजिल से गिरने पर मौत

भाई ने बताया- युवती की प्रताडऩा से तंग था, हत्या का आरोप
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। लिव इन में एक युवती के साथ रह रहे शाजापुर जिले के एक युवक की शनिवार देर रात दूसरी मंदिर से गिरने से मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि युवक को युवती ने मानसिक रूप से प्रताडि़त कर रखा था और डेढ़ लाख रुपए मांग रही थी। उन्होंने हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि युवक को छत से गिराकर हत्या की गई है, जबकि युवती ने पुलिस व परिजनों को बताया कि विवाद के बाद युवक खुद कूदा है।
घटना शनिवार रात को नीलगंगा थाना क्षेत्र के गदापुलिया के पास स्थित शिवाजी नगर की है। शिवाजी नगर में शाजापुर जिले के बुड़लाय गुलाना निवासी २८ वर्षीय मनीष पिता दिलीप मालवीय किराए से रहता था। साथ में छाया नामक युवती भी रहती थी। दोनों एक ढाबे में कुक थे और तीन साल से साथ रह रहे थे। शनिवार रात करीब 1 बजे मनीष घर से छत से गिरने पर गंभीर घायल हो गया। इलाज के लिए चरक अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नीलगंगा पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है।
रुपए के लिए प्रताडऩा व हत्या का आरोप
नागपुर में रहने वाले मनीष के बड़े भाई मनोज के पास शनिवार रात करीब डेढ़ बजे पिता का गांव से फोन आया कि मनीष के साथ कुछ अनहोनी हुई है। मनोज ने बताया कि जब उन्होंने छाया को फोन लगाकर जानकारी मांगी तो उसने किसी अन्य व्यक्ति को फोन दे दिया और उसने बताया कि मनीष की छत से गिरने पर मौत हो गई है। मनोज ने रविवार सुबह अक्षरविश्व को बताया कि मनीष ने उसे एक-दो दिन पहले फोन पर बताया था कि छाया अब उसे रुपए के लिए प्रताडि़त कर रही है। वो डेढ़ लाख रुपए की मांग कर रही है। मनोज ने आरोप लगाया कि मनीष ने छत से कूद कर जान नहीं दी है बल्कि उसकी रुपयों के लिए हत्या की गई है।
पिता गांव में किसान भाई नौकरी कर रहा
मनीष पहले कार्यक्रमों में खाना बनाता था। हलवाई के काम के दौरान ही छाया से उसकी पहचान हुई। करीब तीन साल पहले वो उज्जैन आ गया और ढाबे में कुक बन गया। पिता किसान हैं और गांव में ही रहते हैं। भाई मनोज नागपुर में नौकरी करता है। इस मामले में नीलगंगा टीआई तरुण कुरील ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।










