रेलवे ट्रैक पर 120 की स्पीड से दौड़ा इंजन

सौगात : आजादी के 79 साल बाद धार में रेल नेटवर्क शुरू होने का रास्ता साफ
सीआरएस निरीक्षण के बाद ट्रैक पर कभी भी ट्रैफिक शुरू होने का आसार
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। आजादी के 79 साल बाद प्रदेश के आदिवासी इलाके धार में रेल नेटवर्क शुरू होने का रास्ता साफ हो गया है। 47 किलोमीटर लंबे इस ट्रैक पर 120 की स्पीड से रेल इंजन का सफर सफल रहा है। सीआरएस (कमिश्नर रेलवे सेफ्टी) भी ट्रैक की मजबूती से संतुष्ट हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि इस ट्रैक पर कभी भी इंदौर से धार के बीच रेलवे ट्रैफिक शुरू हो सकता है।
दरअसल, धार का यह ट्रैक रतलाम मंडल की इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना का हिस्सा है। इस ट्रैक पर टीही-धार बड़ी रेल लाइन का रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने मुआयना पूरा कर लिया है। वे ट्रैक की मजबूती और इंजन की स्पीड से संतुष्ट दिखाई दिए हैं। सीआरएस ई. श्रीनिवास ने दो चरणों में अपना मुआयना किया। पहला टीही से गुणावद और दूसरा गुणावद से धार। पहला निरीक्षण ट्रॉली से हुआ तो दूसरा इंजन से।
यह देखा निरीक्षण में
– रेल लाइन पर बने पुलों, रेलवे ट्रैक, ओवरहेड इक्विपमेंट (ओएचई), सिग्नलिंग प्रणाली तथा अन्य संरक्षा संबंधी व्यवस्था।
– लगभग 3 किलोमीटर लंबी टीही टनल।
– टीही-धार ट्रैक पर विशेष निरीक्षण यान से १20 किलोमीटर प्रति घंटे से रफ्तार से इंजन की गति देखी। इसका मकसद रेल ट्रैक की गुणवत्ता, स्थिरता एवं संरक्षा मानकों की जांच करना था। उन्होंने 47 किलोमीटर की दूरी तय की।
सीई (इलेक्ट्रिकल) ने भी देखा ट्रैक
सीआरएस निरीक्षण सये पहले प्रधान मुख्य बिजली इंजीनियर(सीई इलेक्ट्रिकल) ने ट्रैक का इलेक्ट्रिफिकेशन चैक किया। यह ट्रैक इलेक्ट्रिक लोकोमोटिव के संचालन के लिए भी उपयुक्त है।
यह होगा फायदा
1. इस ट्रैक पर पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र आता है। यहां कई इंडस्ट्रीज हैं। इनको माल की सप्लाई के लिए महू पर निर्भर होना पड़ता है। ट्रैक शुरू होने से अब पीथमपुर के सागौर में ही माल की लोडिंग-अनलोडिंग हो सकेगी। टीही-धार ट्रैक से इंदौर, पीथमपुर एवं धार क्षेत्र की रेल कनेक्टिविटी मिलेगी।
2- पीथमपुर के ऑटोमोबाइल, ऑटो कंपोनेंट्स, वाणिज्यिक वाहन निर्माण, इंजीनियरिंग, टायर, फार्मास्युटिकल, केमिकल एवं प्लास्टिक आधारित उद्योग को सीधा फायदा मिलेगा।
3- इस क्षेत्र को कच्चे माल की आपूर्ति और तैयार उत्पादों के परिवहन के लिए बेहतर रेल सुविधा उपलब्ध होगी। माल परिवहन सुगम होने से परिवहन समय बचेगा। इससे लागत में कमी आने की संभावना है। औद्योगिक निवेश, व्यापारिक गतिविधियों, रोजगार सृजन एवं लॉजिस्टिक्स सुविधाओं के विस्तार को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
4- टीही-धार ट्रैक चालू होने से इंदौर, पीथमपुर एवं धार सहित आसपास के क्षेत्रों में रेल संपर्क का विस्तार होगा।









