गुंडीचा मंदिर में भगवान जगन्नाथ को लगेगा 56 भोग

सुबह कथा हुई, शाम को नृत्य प्रस्तुति
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रथयात्रा के रूप में अपनी मौसी गुंडी चा (उज्जैन के राजा इंद्रद्युम्न की पत्नी) के यहां आए भगवान जगन्नाथ की शुक्रवार सुबह मंगल आरती हुई। दर्शन पूजन के बाद सुबह 8 बजे से कथा शुरू हुई। शाम को यहां 56 भोग लगाया जाएगा।
अमेरिका से आए जगदानंद प्रभुजी ने करीब एक घंटे तक कथा सुनाई जिसमें भगवान जगन्नाथ के बारे में विभिन्न जानकारी दी गई। शाम को कृष्ण किशोर के प्रवचन होंगें। प्रवचन के बाद शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों द्वारा नृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।
भगवान कृष्ण को वृंदावन ले जाने का प्रसंग है जगन्नाथ यात्रा
श्रीकृष्ण पाथेय न्यास एवं महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ अंतर्राष्ट्रीय कृष्ण भावनामृत संघ इस्कान द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अमेरिका से आए जगदानंद प्रभुजी ने बताया रथयात्रा तो द्वारिका से भगवान श्रीकृष्ण को वृंदावन ले जाने का प्रसंग है। जगन्नाथपुरी में यह यात्रा 500 वर्षों से निकाली जा रही है। तब भगवान चैतन्य महाप्रभु भी इसमें भाग लेते थे। जगदानंद प्रभुजी ने बताया कृष्ण से मिलने गोपियां द्वारिका गई तो उन्होंने कृष्ण को राजा के रूप में मुकुट पहने देखा। गोपियों ने कहा यह हमारे कृष्ण नहीं हैं। हमारे कृष्ण तो फूलों की माला पहनते थे, बंशी बजाते थे। कृष्ण को वृंदावन ले जाना होगा। राधा और गोपियां रथ खीचकर कृष्ण को वृंदावन ले जा रही हैं। जगन्नाथ यात्रा तो जगन्नाथपुरी में होती है। 500 वर्ष पहले जो जगन्नाथपुरी में होता था वही आज जगन्नाथ रथयात्रा में होता है।
रथ यात्रा में चोरी, जेबकटी की शंका में पकड़ाए संदिग्ध
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। इस्कॉन मंदिर की भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की जेबकटी, पर्स व मोबाइल चोरी की आशंका के चलते पुलिस ने दो दर्जन संदिग्ध पकड़े हैं। पुलिस अधीक्षक ने टीम को 10 हजार रुपए के इनाम की घोषणा भी की है। पुलिस ने 24 लोगों के पकड़े जाने का दावा किया है, लेकिन थाने में 12 लोग ही बैठे हैं। इनमें अधिकतर नाबालिग हैं।
दरअसल इस्कॉन की रथ यात्रा गुरुवार को निकली थी। इंदिरानगर क्षेत्र से शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई फ्रीगंज आई थी। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु सड़क के दोनों ओर खड़े होकर रथयात्रा का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान भीड़ में कुछ संदिग्ध जेबकटी, मोबाइल चोरी की फिराक में घूम रहे थे।
लोगों ने पुलिस में शिकायत की तो ंदिग्धों को पकड़ा गया और माधव नगर थाने लाया गया। पुलिस ने इनकी संख्या 24 बताई थी। एसपी प्रदीप शर्मा ने अच्छा काम करने पर पुलिस टीम को 10 हजार रुपए का इनाम देने की घोषणा की थी। सुबह माधव नगर थाने में करीब 12 संदिग्ध बैठे थे, जिनमें से अधिकांश नाबालिग हैं। यह डेरों में रहने वाले थे और परिजन थाने के बाहर अफसरों का इंतजार कर रहे थे। पुलिस ने शुक्रवार 12 बजे तक इनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की थी न ही इनसे चोरी का कोई माल जब्त हुआ।
इनका कहना
यात्रा के दौरान 24 संदिग्ध को पकड़कर माधव नगर थाने में बैठाया था। 3 पर 151 की कार्रवाई की है। जिनके साथ वारदात हुई उन्होंने आवेदन दिए हैं। आवेदनों की जांच के बाद केस दर्ज किया जाएगा।
दीपिका शिंदे, सीएसपी माधव नगर









