किशनपुरा से निकलेगा श्रीकृष्ण जी का चांदी डोल

डोल ग्यारस : 24 अखाड़े, 16 झांकियां और 10 रासमंडल होंगे शामिल
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। पर्व-त्योहार की नगरी उज्जैन में डोल ग्यारस की तैयारी करीब-करीब पूरी हो गई है। बैरवा समुदाय ने अपने प्रमुख त्योहार के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। समाज के 24 मोहल्लों में झांकियां बनाने का काम पूरा हो गया है। आज शाम 7 बजे से 24 डोल , 16 झांकी और 24 अखाड़ों का कारवां तीन बत्ती चौराहा से निकलेगा। महापौर मुकेश टटवाल ने तैयारी देखी और मोहल्लों में जाकर मुआयना किया। प्रशासन और पुलिस ने भी व्यवस्था की दृष्टि से मीटिंग की। अन्य समाज के डोल भी निकलेंगे। शाम को बाबा कालभैरव की सवारी निकलेगी।
डोल ग्यारस पर बैरवा समुदाय के जुलूस की शुरुआत मंगलवार शाम करीब 4 बजे किशनपुरा स्थित रामकृष्ण मंदिर से होगी। यहां से श्रीकृष्ण जी का मुख्य डोल निकलेगा। १०५ साल से लगातार मंदिर परिसर से डोल निकाला जा रहा है। 13 किलो चांदी से बने डोले में विराजित श्रीकृष्ण जी तीन बत्ती चौराहा पहुंचेंगे। फिर यहां से शहर के विभिन्न मार्गों से होते ही चल समारोह सोलह सागर (पुरुषोत्तम सागर) जाएगा।
खास- डोल और झांकियों से ‘बेटी बचाओ’ सहित सामाजिक संदेश दिए जाएंगे।
यह रहेगा रुट
श्रीकृष्ण डोल गणेशपुरा, देसाई नगर, आंबापुरा, अशोक नगर, फ्रीगंज, दुर्गा प्लाजा होते हुए तीन बत्ती चौराहे पर पहुंचेगा। समुदाय के करीब 24 मोहल्लों के अखाड़े और 16 झांकियां एकत्र होंगी।
10 से ज्यादा रास मंडलियों के भी इसमें शामिल होने की संभावना है। यह एक जुलूस के रूप में आगे बढ़ेंगे।
इस साल तीन नए अखाड़े
इस साल तीन नए अखाड़े भी जुलूस में शामिल होंगे। यह राज रॉयल, गेसूनी और एक अन्य रहेंगे। तीन बत्ती से जुलूस टॉवर चौक, चामुंडा माता, मालीपुरा, नई सड़क, सती गेट, गोपाल मंदिर और नयापुरा होते हुए पुरुषोत्तम सागर पहुंचेगा।
10 घंटे का समय लगने का अनुमान
अधिवक्ता आशीष कुमार भदाले ने बताया कि डोल यात्रा को पुरुषोत्तम सागर तक पहुंचने में १० घंटे का समय लग सकता है।
श्रीकृष्ण डोल का समय
शाम ४ बजे – किशन पुरा
शाम 7:30 बजे – तीन बत्ती चौराहा।
रात 8 से 9.30 बजे – टॉवरचौक
रात 10 बजे- चामुंडा माता चौराहा
रात 2 बजे – पुरुषोत्तम सागर।
आयोजकों के साथ पुलिस-प्रशासन ने किया विचार
डोल ग्यारस को लेकर सोमवार को पुलिस कंट्रोलरूम में पुलिस-प्रशासन की मीटिंग हुई। बैरवा समुदाय और आयोजन समिति के पदाधिकारी भी इसमें शामिल हुए। इसमें सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, ट्रैफिक, क्राउड मैनेजमेंट और पार्किंग पर चर्चा हुई।
महापौर ने निगम अफसरों और समाजजन के साथ देखी व्यवस्था
डो ल ग्यारस पर निकलने वाले फूलडोल चल समारोह की तैयारियों को परखने के लिए महापौर मुकेश टटवाल समाजजन और निगम अफसरों के साथ सोमवार को निकले। उन्होंने किशनपुरा मंदिर से लेकर पूरे चल समारोह मार्ग का मुआयना किया।
व्यवस्था करने के दिए निर्देश
चल समारोह मार्ग की स्ट्रीट लाइटस चालू रहें।
जुलूस मार्ग ठीक से साफ किया जाए।
जहां-जहां सड़क खराब है, वहां मरम्मत की जाए।
चल समारोह मार्ग से अतिक्रमण हटाएं।
जुलूस मार्ग पर बड़े पेड़ों की ट्रीमिंग की जाए।
पेयजल की पुख्ता व्यवस्था पूरे मार्ग पर रखी जाए।
यह लोग साथ थे
एमआईसी सदस्य जितेंद्र कुवाल, पार्षद राजेंद्र गब्बर कुवाल, पूर्व महापौर मदन लाल ललावत, अपर आयुक्त पवन कुमार सिंह, उपायुक्त योगेंद्र सिंह पटेल, संजेश गुप्ता, बैरवा महासभा के प्रांतीय अध्यक्ष राजेश जारवाल, फूलडोल चल समारोह अध्यक्ष बाबूलाल गोठवाल, बैरवा समाज के नगर अध्यक्ष सुरेंद्र मरमट, दीपक मेहर, पूर्व पार्षद जितेंद्र तिलकर सहित समाज के पदाधिकारी।









