माघी पूर्णिमा कल : शिप्रा में होगा स्नान, लगाएंगे होली का डांडा

रामघाट पर होती रही सफाई, जुटे रहे सफाईकर्मी
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। रविवार को माघी पूर्णिमा है। इस दिन शिप्रा तट रामघाट पर पूर्णिमा स्नान होगा। साथ ही डांडा लगाने के साथ ही होली का उत्साह भी शुरू हो जाएंगा। रविवार को माघी पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु मोक्षदायिनी शिप्रा के रामघाट पर पर्व स्नान करेंगे, वहीं शहर भर में होली का डांडा लगाने के साथ ही रंगों के उत्सव की विधिवत शुरुआत हो जाएगी। शिप्रा स्नान के लिए रामघाट पर शनिवार को साफ-सफाई चलती रही। हालांकि सफाई आधी-अधूरी की जा रही थी। मुख्य घाटों पर सफाई कर पिछले हिस्से में लगे कचरे के ढेर नहीं हटाए जा रहे थे। ऐसे में माहौल बदबूदार बना हुआ था। कुछ जगहों पर तो लंबे समय से घाट पर पड़े कचरे के ढेर बदबू मार रहे थे।
सिंहपुरी में सजेगी अतिप्राचीन कंडे की होली
डांडा रोपिणी पूर्णिमा के अवसर पर शहर के प्रमुख चौराहों पर होली का डांडा रोपा जाएगा। विशेष रूप से सिंहपुरी स्थित आताल-पाताल भैरव के आंगन में विश्व की सबसे प्राचीन मानी जाने वाली कंडा होली के निर्माण हेतु स्थल पूजा होगी। यहां ब्राह्मण परिवारों द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अगले एक माह तक गाय के गोबर से कंडे और भरगोलिए (नारियल, पांचा आदि की आकृतियां) बनाने का कार्य शुरू होगा, जिन्हें सुख-समृद्धि की कामना के साथ होली पर होलिका को अर्पित किया जाएगा।
रविदास जयंती पर निकलेंगे चल समारोह
माघी पूर्णिमा पर ही संत शिरोमणि रविदासजी का प्राकट्य उत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। रविदास समाज द्वारा नगर के विभिन्न क्षेत्रों से भव्य चल समारोह निकाले जाएंगे, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु सम्मिलित होंगे।
मां चामुंडा का होगा स्वर्ण वर्क से शृंगार
रविवार को माघ पूर्णिमा पर मां चामुंडा का स्वर्ण के वर्क से भव्य शृंगार किया जाएगा। भक्त समिति के संयोजक पं. शरद चौबे एवं वरिष्ठ सदस्य राजेंद्र शाह ने बताया कि मंदिर को फूलों से सजाया जाएगा। सुबह जरूरतमंद लोगों को भोजन प्रसादी का वितरण कर शाम को महा आरती कर भक्तों को हलवे की प्रसादी का वितरण किया जाएगा।









