महाअष्टमी : मंदिरों में भीड़, घरों में पूजन

चौबीस खंभा माता मंदिर में नगर पूजा कल, कलेक्टर लगाएंगे मदिरा का भोग

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। तिथियों में चल रहे मतांतर के बीच गुरुवार दोपहर से महाअष्टमी की शुरुआत हुई। मंदिरों में जहां दर्शन के लिए श्रद्धालु उमड़े, वहीं घरों में माता पूजन हुआ। साथ ही कन्याओं का पूजन कर उन्हें भोजन करवाया गया और फिर उपहार भी दिए गए। पं. गौरव उपाध्याय ने बताया दोपहर 12.32 बजे से महाअष्टमी शुरू हुई जो 11अक्टूबर को दोपहर 12.07 बजे तक रहेगी। इसके बाद नवमी तिथि लग जाएगी जो 12 अक्टूबर को सुबह 11बजे तक रहेगी। इसके बाद विजयादशमी पर्व मनाया जाएगा।

इधर, चौबीस खंभा माता मंदिर में शुक्रवार को नगर पूजा की जाएगी। कलेक्टर नीरज कुमार सिंह सुबह 8 बजे मां महामाया और मां महालया को मदिरा का भोग लगाकर पूजन की शुरुआत करेंगे। इसके बाद अधिकारी एवं कोटवारों का दल ढोल-ढमाकों के साथ 27 किलोमीटर की परिधि में आने वाले देवी और भैरव मंदिरों में पूजन के लिए रवाना होंगे। इस दौरान हांडी से निरंतर मदिरा की धार बहाई जाएगी।

दशहरे पर नए शहर आएंगे बाबा महाकाल
दशहरे पर 12 अक्टूबर को बाबा महाकाल की सवारी नए शहर आएगी। साल में केवल विजयादशमी पर्व पर ही भगवान महाकाल की सवारी यहां आती है जो परंपरागत मार्गों से होकर दशहरा मैदान पहुंचेगी। सालभर तक भक्त भी इस दिन का इंतजार करते हैं। बाबा के स्वागत के लिए जगह-जगह मंच बनाकर पूजन एवं आरती की जाती है।

Related Articles