महाकाल एवेन्यू कॉलोनी में सीवरेज, सूअर, सफाई सहित अन्य समस्याओं का अंबार, अपने खर्च पर करवाते हैं काम

महाकाल एवेन्यू कॉलोनी में सीवरेज, सूअर, सफाई सहित अन्य समस्याओं का अंबार, अपने खर्च पर करवाते हैं काम

रहवासी बोले- लंबे समय से हम बहुत परेशान, कोई सुनने वाला नहीं
अक्षरविश्व न्यूज|उज्जैन। देवास रोड पर मारुति शोरूम के समीप स्थित महाकाल एवेन्यू कॉलोनी के रहवासी यहां मूलभूत सुविधाएं नहीं मिलने के कारण परेशान हैं। यहां काफी समय से सीवरेज का पानी सडक़ पर बह रहा है जिससे भयंकर बदबू आ रही हैं। सूअर भी यहां-वहां स्वच्छंद विचरण करते हैं जिससे बीमारियों का खतरा है, जबकि साफ-सफाई भी ठीक से नहीं होती है जिसके चलते नालियां चोक हैं। इसे लेकर यहां के रहवासी कई बार जिम्मेदारों को शिकायत कर चुके हैं लेकिन अब तक उनकी समस्याएं जस की तस हैं। उन्हें अपने खर्च पर सफाई सहित अन्य काम करवाने पड़ते हैं।
कई जगह तो स्थिति यह है कि सीवरेज का पानी बोरिंग में मिल रहा है जिससे गंदा पानी आ रहा है। रहवासियों का कहना है कि यदि यही स्थिति रही तो इंदौर के भागीरथपुरा में गंदे पानी से हुई मौतों जैसे हालात यहां भी बन सकते हैं।
वर्ष २०१२ में बनी इस कॉलोनी में बुनियादी सुविधाओं के लिए लंबे समय से रहवासी परेशान हो रहे हैं। पहले भी कई बार शिकायत कर चुके रहवासियों ने एक बार फिर कलेक्टर एवं नगर निगम आयुक्त को शिकायत कर समस्याओं के निराकरण की मांग की है।
यह हैं कॉलोनी की प्रमुख समस्याएं
जगह-जगह सीवर लाइन के चैंबर ओवरफ्लो हो रहे हैं जिससे गंदगी एवं दुर्गंध फैल रही है।
ड्रेनेज की कोई उचित व्यवस्था नहीं है जिससे बारिश एवं दैनिक उपयोग का पानी भर जाता है।
कॉलोनी ग्राम पंचायत दतरावदा क्षेत्र में होने से नियमित सफाई नहीं की जाती। कचरा कलेक्शन के लिए गाड़ी में भी दो-तीन दिन में एक बार आती है।
कॉलोनी की आगे की लाइन का सीवर का पानी पीछे की 3-4 लाइनों में भर जाता है जिससे वहां के निवासी विशेष रूप से प्रभावित हैं।
स्ट्रीट लाइट नहीं जलती जिससे रात में अंधेरा पसर जाता है जिससे खतरा रहता है।
पास की कॉलोनियों के रहवासी बाउंड्रीवॉल तोड़ यहां से आवागमन करते हैं एवं कचरा भी यहीं डाल जाते है जिससे समस्या और बढ़ जाती है।
पानी की लाइन तो डली है लेकिन कनेक्शन नहीं मिले हैं।
रहवासियों ने बताई परेशानी
हम लंबे समय से परेशान हैं। हमारे घर के सामने सूअर घूमते रहते हैं जिससे बीमारियों का खतरा रहता है। शाम होते ही अंधेरा पसर जाता है, हमने अपने खर्च पर यहां लाइट लगवाई है। हमारा पैतृक घर चौबीस खंभा माता मंदिर के पास है। हम यह सोचकर यहां आए थे कि यहां अच्छे से रहेंगे लेकिन यहां तो हालात और भी खराब हैं।-उमा शर्मा, रहवासी
यहां एक नहीं कई समस्याएं हैं, मुख्य समस्या है चैंबर का गंदा पानी हमारे बोरिंग में आ रहा है, ऐसे में क्या जिम्मेदार इंदौर की तरह किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे हैं। यहां सफाई नहीं होती, कचरा कलेक्शन गाड़ी रोज ना आकर दो-तीन दिनों में एक बार आती है। कॉलोनी ग्राम पंचायत में होने से भी सुविधाएं नहीं मिल रही।-ओमप्रकाश शर्मा, रहवासी
सीवरेज, स्ट्रीट लाइट और पानी कॉलोनी की मुख्य समस्या है जिसके चलते रहवासी परेशान हैं। इनके स्थायी समाधान की ओर किसी का ध्यान नहीं। आसपास के कॉलोनी के लोग कई बार बाउंड्रीवॉल तोडक़र यहां से गुजरते हैं। इसके अलावा शाम होते ही स्ट्रीट लाइट बंद होने से अंधेरा छा जाता है। ऐसे में खतरा तो रहता है।-पंकज जैन, रहवासी
घर के पास ही सीवरेज चैंबर ओवरफ्लो होकर उसका गंदा पानी सडक़ पर फैल रहा है जिससे गंदगी तो बढ़ ही रही है, साथ ही बदबू भी हो रही है। हमने अपने रुपए खर्च घर के बाहर लाइट लगवाई है ताकि अंधेरा ना रहे। कचरा भरा होने से नालियां चोक हैं, इसके अलावा भी कई समस्याएं हैं। कुल मिलाकर समस्या ही समस्या है।-वीपी सक्सेना, रहवासी









