शादी के दो महीने बाद युवक ने लगाई फांसी

दो महीने पहले हुई थी शादी, पारिवारिक कलह के कारण परेशान था युवक
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe
अक्षरविश्व न्यूज उज्जैन। गिरिराज रतन कॉलोनी में एक युवक ने सोमवार दोपहर फांसी लगाकर जान दे दी। युवक की दो महीने पहले ही शादी हुई थी। पत्नी से लगातार अनबन के कारण वो परेशान था। संभवत: इसी कारण उसने यह कदम उठाया होगा।
गिरिराज रतन कॉलोनी निवासी 24 वर्षीय अर्जुन पंवार का शव पुलिस ने उसके कमरे से सोमवार शाम को फंदे पर लटकता बरामद किया है। परिजनों का कहना है कि सुबह से ही उसका फोन बंद आ रहा था।
चिंतित पिता शिवनारायण पंवार ने घर पहुंचकर देखा तो अर्जुन का शव फंदे पर लटका था। सूचना पर चिमनगंज पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव बरामद किया। अर्जुन पुताई का काम करता था, उसका छोटा भाई अजय पंवार महाकाल मंदिर में क्रिस्टल कंपनी के अधीन सुरक्षाकर्मी है।
शादी के बाद से परेशान था अर्जुन
पुलिस को परिजनों ने बताया कि अर्जुन की दो महीने पहले ही शादी हुई थी। शादी के बाद से उसकी पत्नी से नहीं बन रही थी। इस कारण पत्नी भी पिछले दिनों मायके चली गई थी। इस कारण अर्जुन मानसिक रूप से परेशान था। चिमनगंज पुलिस मर्ग कायम कर मामले की जांच कर रही है।









